छत्तीसगढ़ से विदेशी नागरिकों से साइबर ठगी, 2 युवतियों समेत 9 आरोपी गिरफ्तार, अवैध कॉल सेंटर से करते थे साइबर ठगी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– पुलिस ने विदेशी नागरिकों से ठगी करने वाले साइबर ठगों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपी विदेशी नागरिकों के लैपटॉप और कंप्यूटर में ईमेल के जरिए बग (वायरस) भेजते थे। बाद में इसे ठीक करने के एवज में 200 डॉलर तक वसूलते थे। पुलिस ने मामले में 2 युवतियों समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, विभिन्न बैंकों के एटीएम और अन्य दस्तावेज और सामान बरामद किया गया है। मामला दुर्ग जिले का है।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, आरोपी फर्जी ई-सिम और इंटरनेशनल नंबर का इस्तेमाल करते थे। गिरोह के लोग अमेरिका-कनाडा के लोगों को ईमेल या टेलीग्राम पर वायरस लिंक भेजते थे और फिर वायरस हटाने के नाम पर डॉलर में पैसे ऐंठते थे। क्रिप्टो करेंसी (ई-वॉलेट) से पैसे लिए जाते थे और लोगों के सिस्टम को साफ करने का दावा कर उनके नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे।

ऐसे मिली जानकारी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई के चौहान टाउन में कुछ लोग अवैध कॉल सेंटर चला रहे हैं। यहां पर वे अवैध रूप से ऑनलाइन इंटरनेट का इस्तेमाल कर साइबर ठगी कर रहे हैं। इसके बाद सीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बी/2 मकान में दबिश दी। वहां से 6 पुरुष और 2 युवती पकड़ी गईं। इस ठग गिरोह का सरगना होटल बेल में ठहरा हुआ था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं। इन्होंने एक महीने के लिए भिलाई में किराए पर मकान लिया था, जहां पर ये ठगी के लिए कॉल सेंटर चला रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने एक महीने के अंदर 12 लाख रुपए की ठगी की है।

मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर में भेजते थे वायरस

गिरोह के मास्टरमाइंड अर्जुन शर्मा को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे विदेश में रहने वाले लोगों के मोबाइल, लैपटॉप व कंप्यूटर में बग (वायरस) भेजते थे। इसे ठीक करने के लिए उन्होंने संपर्क करने के लिए कॉल सेंटर बना रखा था, जो पीड़ितों से बातचीत करता था। इसके बाद उनसे 80 से 200 डॉलर वसूलते थे। पीड़ित से ई-वॉलेट में डॉलर या क्रिप्टो करेंसी के जरिए पेमेंट ली जाती थी।

आरोपियों से पूछताछ जारी

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ठगी के शिकार हुए ज्यादातर लोग अमेरिका व कनाडा के हैं। इस मामले में पुलिस ने 2 युवतियों समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 2.55 लाख रुपये की नकदी, 12 लैपटॉप, 14 मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एक स्कूटी, विभिन्न बैंकों के एटीएम व अन्य दस्तावेज समेत 13 लाख रुपये से अधिक का सामान बरामद हुआ है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों से ठगी की है, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/GziCN5iIb0T1AZ6tu0NrWR

यह खबर भी जरुर पढ़े

48.91 लाख की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर कराते थे निवेश

Related Articles

Back to top button
Parineeti Raghav Wedding : परिणीति राघव हुए एक-दूजे के , सामने आई ये शानदार फ़ोटोज janhvi kapoor :जान्हवी कपूर की ये लुक , नजरे नहीं हटेंगी आपकी Tamanna bhatia : तमन्ना भाटिया ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल