फंदे लटका मिला नवविवाहिता का शव, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका, ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक नवविवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान महगवां गांव निवासी बबिता के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब नौ माह पूर्व खलेश्वर राजवाड़े से हुई थी। बुधवार को बबिता का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
इधर, मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इंकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि बबिता की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8











