विभागीय से प्रांतीय स्तर तक छाए सशिमं नवापारा के विद्यार्थी, कई विधाओं में किया शानदार प्रदर्शन
भजन में प्रहलाद साहू ने मारी बाजी, मध्य प्रांत पठार की क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सरस्वती शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित संस्कृति महोत्सव 2026 के अंतर्गत सशिमं नवापारा के विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया। विभागीय से लेकर प्रांतीय स्तर तक विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई स्थान हासिल किए। वहीं भजन विधा में प्रहलाद साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया है।
विभागीय संस्कृति महोत्सव प्रतियोगिता का आयोजन 2 से 3 अक्टूबर 2026 तक नेवरा विद्यालय में किया गया। इसमें सशिमं नवापारा से कुल 19 प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अपूर्वा साहू ने चित्रकला तरुण वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कबीर साहू ने तबला वादन किशोर वर्ग, प्रहलाद साहू ने भजन बाल वर्ग, अंकित साहू ने शास्त्रीय गायन शिशु वर्ग और रिमशा साहू ने चित्रकला किशोर वर्ग में प्रतिभाग किया।
इसके अलावा माही पाटनकर ने निबंध किशोर वर्ग, याचना साहू ने निबंध शिशु वर्ग, मुस्कान साहू ने भजन, कुमकुम, खुशबु और हर्षिता साहू ने वंदे मातरम् किशोर वर्ग, श्वेता बया ने गीत बाल वर्ग, निकिता साहू ने निबंध तरुण वर्ग तथा टामिनी साहू ने गीत किशोर वर्ग में प्रतिभाग किया। योगेंद्र यादव ने तबला वादन बाल वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रांतीय स्तर पर भी विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

प्रांतीय प्रतियोगिता का आयोजन अकलतरा, बिलासपुर में 3 से 5 अक्टूबर 2026 तक किया गया। यहां भी सशिमं नवापारा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रहलाद साहू ने भजन बाल वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अपूर्वा ध्रुव ने चित्रकला तरुण वर्ग, अंकित साहू ने शास्त्रीय गायन और कबीर साहू ने तबला वादन में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रहलाद साहू की इस उपलब्धि के बाद उनका चयन मध्य प्रांत पठार की क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। क्षेत्रीय प्रतियोगिता में प्रहलाद साहू भजन विधा में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय में विजेता विद्यार्थियों का सम्मान

सभी विजेता विद्यार्थियों का विद्यालय प्रांगण में सम्मान किया गया। वरिष्ठ आचार्य नरेश यादव, कृष्ण कुमार वर्मा, नरेंद्र साहू और नारायण पटेल ने विद्यार्थियों का तिलक-वंदन कर उन्हें शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। विद्यार्थियों ने सरोज कंसारी एवं तामेश्वर साहू के संरक्षण और मार्गदर्शन में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की।
कार्यक्रम का संचालन रेणु कुमार निर्मलकर ने किया। इस अवसर पर श्री राम जानकी शिक्षण समिति के अध्यक्ष विनोद शर्मा, उपाध्यक्ष रमेश पहाड़िया, सचिव प्रफुल्ल दुबे, सहसचिव कोमल साहू, कोषाध्यक्ष अशोक गंगवाल एवं प्राचार्य गौरीशंकर निर्मलकर सहित विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl









