खूंखार सांड का आतंक, 15 लोगों पर किया हमला; बच्चे को गोद में लिए बुजुर्ग को दौड़ा-दौड़ाकर मारा-VIDEO

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक बेकाबू सांड ने जमकर उत्पात मचाया। अलग-अलग स्थानों पर सांड ने करीब 15 लोगों पर हमला कर दिया। घटना में पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत कई लोग घायल हुए हैं। हमले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सांड घर के बाहर बच्चे को गोद में लिए खड़े एक व्यक्ति पर अचानक हमला करता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार रायपुर के डीडी नगर स्थित कंचनगंगा फेस-2, सेक्टर-2 और बंजारी नगर क्षेत्र में सांड ने लोगों को अपना निशाना बनाया। सेक्टर-2 निवासी देवनारायण शर्मा अपने एक वर्षीय पोते को गोद में लेकर घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वे संभल नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बच्चे को आंगन में खिला रहे युवक पर भी हमला
घटना से जुड़े एक अन्य सीसीटीवी फुटेज में सांड घर के आंगन में बच्चे को खिला रहे एक युवक पर हमला करता दिखाई दे रहा है। सांड ने युवक को जोरदार टक्कर मारकर जमीन पर पटक दिया। हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। अचानक हुई घटना से आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल भी सांड के हमले में घायल हुई हैं। उन्हें उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिनभर चला पकड़ने का प्रयास
सांड के लगातार हमलों की सूचना मिलने के बाद नगर निगम जोन क्रमांक-5 की टीम काउ कैचर के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने सांड को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद नगर निगम ने वन विभाग से संपर्क किया।
वन विभाग, जंगल सफारी की टीम और भाठागांव पशु चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. दिनेश पटेल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद टीम ने ट्रैंक्विलाइजर डार्ट के जरिए सांड को बेहोश किया और सुरक्षित तरीके से काबू में लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।
रेबीज की आशंका, आधिकारिक पुष्टि बाकी
गौ सेवकों के अनुसार करीब दो महीने पहले सांड को एक कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद उसके रेबीज से संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, सांड के रेबीज संक्रमित होने की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद डीडी नगर क्षेत्र में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों और रहवासी इलाकों में घूम रहे मवेशियों को लेकर कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। फिलहाल सांड को काबू में लिए जाने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद ब्रेकिंग: दो बैलों की लड़ाई में महिला की दर्दनाक मौत, घटना CCTV कैमरे में कैद









