तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से शिक्षिका की मौत, 6 साल का बेटा घायल, कुलसचिव की बेटी थी शिक्षिका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे स्कूटी सवार शिक्षिका और उनके मासूम पुत्र को कुचल दिया। इस हृदयविदारक हादसे में शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 6 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। घटना सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कौशलपुर मोड़ के पास गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की यह घटना है। ग्राम भुवनेश्वरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षिका शिखा त्रिपाठी (33 वर्ष) अपने पुत्र के साथ स्कूटी से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान सूरजपुर की ओर से आ रहे ट्रैक्टर क्रमांक यूपी 12 बीडब्ल्यू 2352 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

शिक्षिका की मौत, बेटा घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोड़ पर ट्रैक्टर की तेज रफ्तार देख शिक्षिका ने अपनी स्कूटी रोक दी थी, लेकिन चालक नियंत्रण खो बैठा और सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिक्षिका को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर किया गया।

कुलसचिव की बेटी थी मृतका

मृतका शिखा त्रिपाठी मूल रूप से रायपुर की रहने वाली थीं और वर्तमान में रामानुजनगर में निवासरत थीं। वे संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलसचिव एस.पी. त्रिपाठी की पुत्री थीं। हादसे की सूचना मिलते ही कुलसचिव एवं विश्वविद्यालय के कुलपति अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढ़स बंधाया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। स्कूल में जैसे ही घटना की खबर पहुंची, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था, हालांकि बाद में पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। रामानुजनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu

यह खबर भी जरुर पढ़े

अभनपुर-कुरुद मार्ग पर दर्दनाक हादसा, कार ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, शिक्षिका की मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button