रायपुर जिले में उपचुनावों की तैयारी तेज: कल से शुरू होगा मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति, इन जगहों में होंगे चुनाव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर के आदेशानुसार रायपुर जिले के चार विकासखंडों और बिरगांव नगर निगम में रिक्त पदों के लिए उपचुनाव 2026-27 की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में जारी कार्यक्रम के अनुसार, निर्वाचन नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन और उन पर दावे-आपत्तियां लेने का कार्य 13 अप्रैल 2026 से शुरू होगा।
इन क्षेत्रों में होंगे चुनाव
जिले के आरंग, अभनपुर, धरसींवा और तिल्दा ग्रामीण क्षेत्रों में कई पद रिक्त हैं। आरंग विकासखंड के सकरी (जा), चकवे, बनरसी, सिवनी, पारागांव, गोढ़ी और अकोलीखुर्द में पंच तथा घोट में सरपंच पद के लिए चुनाव होना है। इसी तरह अभनपुर के तोरला और मानिकचौरी में पंच के पद रिक्त हैं।
धरसींवा विकासखंड के सारागांव, टोर गिधौरी, तिवरैया और बरौदा में पंच तथा कारा और गुमा में सरपंच पद के चुनाव होंगे। तिल्दा के तुलसी असौंदा में भी पंच का पद रिक्त है। इसके अलावा, नगर पालिक निगम बिरगांव के महात्मा गांधी वार्ड (वार्ड क्रमांक 32) में पार्षद पद के लिए भी उपचुनाव कराया जाएगा।
निर्वाचन आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के संबंध में दावे-आपत्तियां 20 अप्रैल 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। इसके पश्चात, सभी अनिवार्य प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए 05 मई 2026 तक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। आगामी चुनाव की विस्तृत तिथियां आयोग द्वारा बाद में जारी की जाएंगी।
प्रेक्षक की नियुक्ति
चुनाव प्रक्रिया की सुचारू निगरानी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने अभिषेक कुमार गुप्ता (अपर कलेक्टर, बलौदाबाजार-रायपुर) को प्रेक्षक नियुक्त किया है। निर्वाचन नामावली (मतदाता सूची) से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के निराकरण के लिए नागरिक उनके संपर्क नंबर 94077-20005 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











