गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या, बॉयफ्रेंड के रूम में मिला शव, बेहोश समझकर एंबुलेंस को बुलाया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने शक और विवाद के चलते अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसने युवती को बेहोश समझकर एंबुलेंस को फोन कर बुलाया, लेकिन युवती की मौत हो चुकी थी। वारदात के बाद आरोपी फरार था, जिसे पुलिस ने महज 5 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है।
किराए के कमरे में मिली लाश
जानकारी के अनुसार खैरागढ़ जिले के चिचोला की रहने वाली 26 वर्षीय यूनेश्वरी वर्मा दुर्ग में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसका शव शुक्रवार दोपहर सुभाष नगर स्थित एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। यह कमरा कार्तिक का था।
बताया जा रहा है कि बालोद निवासी कार्तिक राम साहू 27 वर्ष का यूनेश्वरी से प्रेम संबंध था। पढ़ाई के दौरान दोनों की पहचान हुई। दोनों कॉलेज में बी.एड की पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। दोस्ती धीर-धीरे प्यार में बदल गई। लेकिन कार्तिक यूनेश्वरी पर किसी अन्य युवक के साथ संबंध होने का शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कार्तिक यूनेश्वरी को अपने कमरे में लेकर आया था। वहीं अफेयर और फोन ना उठाने की बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर कार्तिक ने यूनेश्वरी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद उसने लड़की को मृत नहीं बल्कि बेहोश समझा और 108 एंबुलेंस को कॉल कर दिया। जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची, तब तक युवती की मौत हो चुकी थी।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजावाया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी का पतासाजी कर कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
जेल भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में न लें एवं तत्काल पुलिस को सूचना दें। आपसी विवाद का समाधान कानूनी माध्यम से ही करें।
इकलौती बेटी थी मृतका
बताया जा रहा है कि यूनेश्वरी इकलौती बेटी थी। उसके दो भाई है। वह पढ़ाई के लिए पिछले दो साल से दुर्ग में रह रही थी। हालांकि परिवार को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उनकी बेटी का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1
यह खबर भी जरुर पढ़े
महिला की नृशंस हत्या का खुलासा: गिरफ्तार प्रेमी ने बताई हत्या की वजह, जांच में ये बात भी आई सामने











