गरियाबंद ब्रेकिंग: बसों में ओवरलोडिंग व परमिट उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, 22 हजार से ज्यादा का जुर्माना

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद पुलिस ने यात्री सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए रायपुर-देवभोग मार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ओवरलोडिंग और परमिट नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर कई बसों पर कार्रवाई की गई।
ओवरलोडिंग से खतरे में यात्रियों की जान
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 6 बसों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर मोटर यान अधिनियम (MV Act) के तहत 22,100 रुपये का चालान किया गया। वहीं 4 बसों के खिलाफ विशेष रूप से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया जा रहा था।
इसे यात्री सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ बताया गया है। इसके अलावा कई बसें अपने निर्धारित रूट और समय-सारणी के विपरीत संचालित होती मिलीं, जो परमिट शर्तों का उल्लंघन था। पुलिस ने बताया कि लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि रायपुर-देवभोग मार्ग पर बस संचालक मनमाने ढंग से ओवरलोडिंग कर रहे हैं। इसी के मद्देनजर यह विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यात्रियों से भी अपील की है कि वे ओवरलोड वाहनों में यात्रा न करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











