मुर्गा दुकानदार के गले पर चापड़ से जानलेवा हमला, फरार आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अभनपुर क्षेत्र में मुर्गा दुकान संचालक पर जानलेवा हमला करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने दुकान में घुसकर मुर्गा काटने वाले चापड़ से दुकानदार के गले पर वार किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़े उरला निवासी दीपक कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 फरवरी 2026 की शाम करीब 3.30 बजे उनके पिता जुलाराम साहू शनिचरी बाजार अभनपुर स्थित अपनी मुर्गा दुकान में थे। इसी दौरान अभनपुर निवासी शनि उर्फ सन्नी ध्रुव (27) बाइक से वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान दुकान के अंदर रखे चापड़ को उठाकर जुलाराम के गले पर जानलेवा वार कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल जुलाराम साहू को पहले शासकीय अस्पताल अभनपुर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 296, 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल करते हुए बताया कि घटना में प्रयुक्त चापड़ दुकान में ही छोड़कर वह मोटरसाइकिल से फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस ने चापड़ जब्त कर लिया है और आरोपी शनि उर्फ सन्नी ध्रुव को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर में मुर्गा दुकान संचालक पर चापड़ से हमला, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज











