नवापारा क्षेत्र में जमीन की फर्जी रजिस्ट्री, 4 आरोपी गिरफ्तार; फर्जी दस्तावेजों से हड़पी जा रही थी करोड़ों की जमीन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबरा नवापारा क्षेत्र में करोड़ों रुपए मूल्य की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने ग्राम थनौद स्थित करीब 42 हजार वर्ग फीट भूमि को कूटरचित दस्तावेज, फर्जी हस्ताक्षर, फोटो और अंगूठे के निशान के जरिए हड़पने की साजिश रची। इस मामले में चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

फर्जी मालिक खड़ा कर तैयार किया मुख्तियारनामा

जानकारी के अनुसार गोबरा-नवापारा तहसील अंतर्गत ग्राम थनौद स्थित विभिन्न खसरों की भूमि राजस्व अभिलेखों में केशव अवस्थी के नाम दर्ज थी। आरोप है कि मिर्जा परवेज ने अपने साथियों अब्दुल नईम, आरिफ अली और रोमेश पाण्डेय के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से जमीन हड़पने की साजिश रची।

आरोपियों ने वास्तविक भू-स्वामी के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर केशव अवस्थी के नाम से फर्जी हस्ताक्षर, फर्जी फोटो और अंगूठे का निशान लगाकर मुख्तियारनामा तैयार कराया। इसके आधार पर पहले जमीन पर अधिकार जताया गया और बाद में फर्जी दस्तावेजों के सहारे उप-पंजीयक कार्यालय रायपुर में रजिस्ट्री कराई गई।

करोड़ों की जमीन के नामांतरण का खेल

पुलिस जांच के अनुसार 6 जून और 22 जून 2023 को फर्जी मुख्तियारनामा तैयार किया गया। इसके बाद 19 अक्टूबर 2023 को मिर्जा परवेज ने जमीन का विक्रय अब्दुल नईम के नाम कराया और अगले ही दिन 20 अक्टूबर 2023 को अन्य दस्तावेजों के जरिए जमीन के हस्तांतरण की प्रक्रिया को अंजाम दिया। पूरी प्रक्रिया में फर्जी फोटो, कूटरचित हस्ताक्षर और नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया, जिससे करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि को हड़पने का प्रयास किया गया।

दस्तावेज और आधार कार्ड जब्त

प्रकरण की जांच के दौरान शिकायतकर्ता वाणी पवार द्वारा प्रस्तुत मुख्तियारनामा और विक्रय दस्तावेजों को पुलिस ने जब्त किया। आरोपियों से पूछताछ के दौरान उपयोग किए गए आधार कार्ड और अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन दर्ज कर साक्ष्यों को कब्जे में लिया है। जांच में कई और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

4 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मिर्जा परवेज, अब्दुल नईम (53 वर्ष), वसीम हुसैन (33 वर्ष), मोहम्मद खलील (28 वर्ष) शामिल है। सभी आरोपी रायपुर संजय नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्धों और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अपराध धारा 420, 467, 468, 470, 471 एवं 34 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

अभनपुर ब्रेकिंग: फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी से बेची सरकारी जमीन, आरोपी दलाल गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button