शादी के 45 दिन बाद प्रेमी संग भागी नवविवाहिता, फिर रेलवे ट्रैक पर मिली प्रेमी की लाश, जानिए पूरा मामला

नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ भाग गई

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 45 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ घर से निकल गई। दोनों रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे, जहां विवाद के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद घायल महिला ने ही डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मामला बालोद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार ग्राम कोरतरा निवासी मोनिका खरे (23) और ग्राम भीमपुरी निवासी मिथलेश ठाकुर (28) की पहचान करीब ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध गहरा हो गया। मिथलेश पहले हाईवा चालक था और शादीशुदा होने के साथ एक बेटी का पिता भी था। वहीं मोनिका की शादी 22 अप्रैल 2026 को बालोद जिले के ग्राम परसोदा (जगन्नाथपुर) निवासी टीकम कुमार खरे से हुई थी।

शादी के 45वें दिन प्रेमी के साथ फरार

परिजनों के अनुसार 6 जून की रात करीब एक बजे मिथलेश बाइक लेकर मोनिका के ससुराल पहुंचा। दोनों बिना किसी को बताए घर से निकल गए और करीब 20 किलोमीटर दूर दैहान गांव स्थित रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गए। बताया जा रहा है कि वहां दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत और बहस होती रही। इसी दौरान मिथलेश लगातार मोनिका पर उसके साथ शादी कर जीवन बिताने का दबाव बना रहा था।

रेलवे ट्रैक पर बैठा प्रेमी

विवाद बढ़ने पर मिथलेश रेलवे ट्रैक पर जाकर बैठ गया। मोनिका उसे समझाने और पटरी से हटाने की कोशिश करती रही, लेकिन वह नहीं माना। इस बीच जैसे ही ट्रेन नजदीक पहुंची, घबराई मोनिका उसे खींचकर बचाने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। मिथलेश के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई।

महिला ने डायल-112 पर किया कॉल

हादसे के बाद खून से लथपथ हालत में पड़ी मोनिका ने किसी तरह मोबाइल से डायल-112 पर कॉल कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मिथलेश ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद मोनिका को राजनांदगांव रेफर किया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

पत्नी के गायब होने पर परेशान था पति

इधर, नवविवाहिता के पति टीकम कुमार खरे ने बताया कि रात करीब ढाई बजे उनकी नींद खुली तो पत्नी घर पर नहीं थी। परिजनों के साथ उन्होंने गांव और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की। कुछ देर बाद पत्नी का फोन आया, जिसमें उसने रेलवे ट्रैक पर हादसा होने की जानकारी दी। बाद में पुलिस से मिली सूचना के आधार पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने प्रेमी की कर दी हत्या, पति-देवर ने शव को बोरी में भर खेत में फेंका, तीनों गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button