महिला पंच की संदिग्ध मौत: पेड़ से लटका मिला शव, लकड़ी लेने निकली थी, कमर से मिला मोबाइल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा में एक महिला पंच की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जंगल में एक पेड़ से महिला का शव लटका मिला। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम अमगसी बूढ़ा नवापारा निवासी सनीता पैकरा (25 वर्ष) पति अशोक पैकरा ग्राम पंचायत में पंच के पद पर निर्वाचित थीं और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय थीं। रविवार सुबह करीब 5 बजे सनीता घर से यह कहकर निकली थीं कि वह जंगल की ओर लकड़ी लेने जा रही हैं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश शुरू की गई।

पति ने जंगल में देखा शव

खोजबीन के दौरान गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में एक आम के पेड़ पर उनका शव लटका हुआ मिला। तलाश के दौरान करीब 10 बजे पति भी जंगल की ओर पहुंचे, जहां उन्हें पत्नी का शव पेड़ पर लटका दिखाई दिया। इसके बाद घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए लखनपुर अस्पताल भेजा। देर शाम होने के कारण शव को मर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया, जबकि पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार को की गई। पुलिस को मृतका की कमर से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। जांच टीम अब मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

लखनपुर पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम ब्रेकिंग: पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, घर से 120 किमी दूर मिली लाश, इस बात की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button