नवापारा ब्रेकिंग: दो क्रशर जप्त, खदान संचालन कराया गया बंद, दर्ज किया गया प्रकरण
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में अवैध खनन और खनिज संसाधनों के अनियमित दोहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम ने गोबरा नवापारा क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन और अनियमितताएं पाए जाने पर दो क्रशर जप्त कर लिए गए तथा संबंधित खदानों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम ने दुलना एवं गोबरा नवापारा क्षेत्र में संचालित निम्न श्रेणी चूनापत्थर खदानों, क्रशर इकाइयों तथा खनिज भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद विभाग ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दो क्रशर मशीनों को जप्त कर लिया और संबंधित खदानों के संचालन पर रोक लगा दी।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही है। शासन के निर्देशानुसार खनिज संपदा के संरक्षण तथा राजस्व हानि को रोकने के लिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है।
विभाग द्वारा संबंधित प्रकरण दर्ज कर लिए गए हैं। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन या नियमों के उल्लंघन के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
आधी रात खनिज विभाग की दबिश, 11 हाइवा पकड़ाए, मचा हड़कंप, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई











