नवविवाहिता की संदिग्ध मौतः कब्र से निकाला गया शव, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया, लेकिन मृतका के मायके पक्ष द्वारा मौत पर संदेह जताए जाने के बाद पुलिस और प्रशासन ने शव का उत्खनन कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के कुमा गांव निवासी 23 वर्षीय घूरई बाई का विवाह लगभग तीन वर्ष पूर्व छिरहुट निवासी 26 वर्षीय दिलीप बैगा से हुआ था। दंपती का डेढ़ वर्षीय पुत्र भी है। परिजनों के अनुसार 16 जून को घूरई बाई की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही अंतिम संस्कार कर दफना दिया गया था।
मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
मृतका के मायके पक्ष को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि पति दिलीप बैगा अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए शव के उत्खनन और निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
शिकायत के बाद श्यांग थाना पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। घटना के बाद गांव में दंपती के डेढ़ वर्षीय बच्चे के भविष्य को लेकर भी चर्चा बनी हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस
इधर, पति दिलीप बैगा ने पत्नी की मौत बीमारी के कारण होने का दावा करते हुए हत्या के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











