रायपुर में युवक की बेरहमी से हत्या, मैदान में मिला सिर कुचला शव, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। कॉलोनी के मैदान में युवक का सिर कुचला हुआ शव पाया गया है। मामले में पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच में जुट गई है और मृतक के पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के एक खुले मैदान में सोमवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के सिर और चेहरे पर किसी भारी पत्थर या ठोस वस्तु से वार किया गया है। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव की हालत देखकर प्रतीत होता है कि हत्या रविवार और सोमवार की दरमियानी रात में की गई होगी।
हाथ पर टैटू
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस को युवक के दाहिने हाथ पर RK सारथी नाम का टैटू मिला है। इसी सुराग के आधार पर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
फिलहाल खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











