इज्जत की खातिर बेटी की हत्या, प्रेम विवाह के बाद पिता-चाचा और ताऊ ने बेटी को मार डाला, खेत में फेंका शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह करना एक युवती की मौत का कारण बन गया। पिता-चाचा और ताऊ ने मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद तीनों शव को खेत में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। मामला महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र का है।

खेत में मिली थी खून से लथपथ लाश

जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम तुरेंगा के एक खेत में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। युवती के गले, जबड़े और शरीर पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। सूचना मिलते ही पटेवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के जरिए मृतका की पहचान बागबाहरा निवासी 25 वर्षीय रानी कुमारी सिंह के रूप में हुई। पहचान की पुष्टि उसके पति ने की।

प्रेम विवाह बना मौत की वजह

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रानी कुमारी ने अपनी मर्जी से बागबाहरा निवासी प्रेम ध्रुव से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। परिवार इस विवाह से बेहद नाराज था और इसे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा पर आघात मान रहा था। इसी रंजिश में पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह और बड़े पिता (ताऊ) राजेश सिंह ने मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।

ससुराल से जबरन ले गए

पुलिस के अनुसार, 16 जून की रात तीनों आरोपी रानी को उसके ससुराल से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ग्राम तुरेंगा के सुनसान खेत में ले गए। वहां पहले चाचा दिनेश सिंह ने उसका गला दबाया ताकि वह चीख न सके। इसके बाद बड़े पिता राजेश सिंह ने धारदार चाकू से उसके गले और जबड़े पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण रानी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के दौरान पिता उमेश सिंह मौके पर मौजूद रहा। हत्या के बाद तीनों शव को खेत में फेंककर फरार हो गए।

गुजरात सूरत से दबोचा गया आरोपी

हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मुख्य आरोपी पिता के गुजरात में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम सूरत पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से पुना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात के समय पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं हत्या में शामिल चाचा और बड़े पिता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

जन्मदिन की रात प्रेमिका को बुलाया, शारीरिक संबंध के बाद कर दी हत्या, शव को नाले की रेत में दफनाया; आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button