पुरुष को मिलती रही महतारी वंदन योजना की राशि, आवेदन में पत्नी की जगह लिखा अपना नाम, 12 महीने बाद ऐसे खुला मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। एक पुरुष का आवेदन, जिसमें हितग्राही और पति दोनों के नाम की जगह उसी व्यक्ति का नाम दर्ज था, विभागीय जांच में मंजूर हो गया। इतना ही नहीं, करीब 12 महीने तक उसके खाते में योजना की राशि भी जमा होती रही। इस पूरे मामले का खुलासा आरटीआई कार्यकर्ता की शिकायत के बाद हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, खैरागढ़ जिले के मुढ़ीपार निवासी तिलोक साहू, जो एक सीएससी सेंटर संचालित करता है, ने महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन किया था। ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार आवेदन सार्वजनिक पोर्टल के माध्यम से किया गया। आवेदन पत्र में हितग्राही के नाम के साथ-साथ पति के नाम वाले कॉलम में भी तिलोक साहू का ही नाम दर्ज था।

हैरानी की बात यह है कि आवेदन को पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और उसके बाद सुपरवाइजर स्तर पर सत्यापित कर स्वीकृति दे दी गई। जबकि महतारी वंदन योजना का लाभ केवल पात्र महिलाओं को दिए जाने का प्रावधान है। आवेदन की जांच के दौरान यह भी नहीं देखा गया कि आवेदक पुरुष है और पति के नाम के स्थान पर भी उसी का नाम दर्ज है।

आरटीआई जांच में हुआ खुलासा

बताया गया कि एक आरटीआई कार्यकर्ता ने योजना के हितग्राहियों की सूची का अवलोकन किया, जिसमें तिलोक साहू का नाम संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद संबंधित विभाग में शिकायत की गई। शिकायत मिलने पर विभाग ने ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच शुरू की, जिसमें पूरी गड़बड़ी सामने आ गई।

12 महीने तक मिला भुगतान

जांच में सामने आया कि संबंधित खाते में महतारी वंदन योजना की राशि लगातार 12 महीने तक जमा की गई। इसके बाद एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना ने 3 जुलाई 2026 को संबंधित बैंक को पत्र भेजकर 10 हजार रुपये शासन के खाते में वापस जमा कराने के निर्देश दिए।

हालांकि रिकॉर्ड में 12 महीने तक भुगतान का उल्लेख है, जबकि रिकवरी केवल 10 हजार रुपये की बताई गई है। इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि वास्तविक भुगतान और वसूली की राशि में अंतर क्यों है।

एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना की परियोजना अधिकारी ने बताया कि संबंधित हितग्राही से योजना की पूरी राशि वापस ले ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी रिकॉर्ड की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट की जाएगी। फिलहाल इस मामले ने महतारी वंदन योजना की जांच और सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

सनी लियोनी को मिल रहा महतारी वंदन योजना का पैसा! खुलासा होने के बाद मचा हड़कंप, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button