फिल्मी स्टाइल में हो रही थी गांजा तस्करी, गरियाबंद पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर स्कूटी के पार्ट्स में गांजा छुपाकर तस्करी कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनका फिल्मी अंदाज नाकाम हो गया। पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 8 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये है, और तस्करी में इस्तेमाल की गई दो स्कूटी जब्त की हैं। मामला मैनपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी मैनपुर को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक स्कूटी में गांजा लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को जीड़ार तिराहा पर घेराबंदी के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने दोनों संदिग्ध स्कूटी को रोककर जांच की।
शुरुआती तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन पुलिस को दोनों युवकों की गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद स्कूटी के पार्ट्स को खोलकर बारीकी से जांच की गई, जहां पुलिस भी हैरान रह गई। तस्करों ने स्कूटी के अंदर बने गुप्त स्थानों में गांजा छुपा रखा था। दोनों स्कूटी से 4-4 किलोग्राम यानी कुल 8 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी है। साथ ही दोनों सुजुकी स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
मामले में किशन कुमार भील (29 वर्ष), पिता बाबूलाल भील, निवासी रामदास नगर, गली नंबर-1, कालातालाब रोड, भीमगंज, थाना रेलवे कॉलोनी, जिला कोटा (राजस्थान) और शिवप्रसाद सैनी (31 वर्ष), पिता अर्जुनलाल सैनी, निवासी कंसुआ क्वार्टर, थाना उद्योग नगर, जिला कोटा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है।
बता दे कि गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गांजा और शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिले में पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण लिखी कार में गांजा की तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों का गांजा बरामद











