राजिम नगर पंचायत को मिला नगर पालिका का दर्जा, राज्य शासन ने जारी की अधिसूचना

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ शासन ने गरियाबंद जिले के धार्मिक नगरी राजिम को बड़ी सौगात देते हुए नगर पंचायत राजिम को नगर पालिका का दर्जा प्रदान कर दिया है। इस संबंध में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 10 जुलाई 2026 को अधिसूचना जारी की गई है, जिसका प्रकाशन छत्तीसगढ़ राजपत्र (असाधारण) में किया गया है। अधिसूचना के साथ ही राजिम अब आधिकारिक रूप से नगर पालिका परिषद के रूप में स्थापित होने की प्रक्रिया में शामिल हो गया है।
राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार, छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 5(1)(क) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य शासन ने नगर पंचायत राजिम को नगर पालिका राजिम के रूप में गठित करने का निर्णय लिया है।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान नगर पंचायत राजिम की सीमा ही नगर पालिका राजिम की सीमा होगी। इसके लिए किसी नए क्षेत्र को शामिल या पृथक नहीं किया गया है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार राजिम की जनसंख्या 14,090 दर्ज की गई है।
उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने राजिम नगर पंचायत के नगर पालिका के रूप में उन्नयन पर कहा कि राज्य शासन के इस निर्णय से राजिम के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी तथा शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे राजिम में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के विकास को और ज्यादा गति मिलेगी। साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से नगरवासियों तक पहुंचेगा।
विकास को नई गति मिलने की उम्मीद
राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका बनने के बाद शहरी अधोसंरचना, सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, नाली निर्माण, सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए अधिक बजट और संसाधन उपलब्ध होने की संभावना है। साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक सुदृढ़ होगी।
गौरतलब है कि राजिम धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश का महत्वपूर्ण नगर है। हर वर्ष आयोजित होने वाले राजिम कुंभ कल्प सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर के नियोजित विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नगर पंचायत राजिम को नगर पालिका का दर्जा, राजपत्र में हुआ प्रकाशन, विधायक रोहित साहू ने जताया आभार











