15वें वित्त की राशि के खर्च में गड़बड़ी का मामला : जांच में मिले संदिग्ध बिल-वाउचर, कई बिलों में बिल नंबर और GST नंबर गायब
EOW/ACB में शिकायत के बाद जिला स्तरीय टीम ने की जांच, ऑडिट की भूमिका पर भी उठे सवाल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में छुरा विकासखंड के ग्राम पंचायत अतरमरा में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। वर्ष 2020-21 से 2023-24 के बीच तत्कालीन पंचायत सचिव चेतन सोनकर के कार्यकाल में हुए भुगतानों की जांच में कई बिल-वाउचर में बिल क्रमांक, दिनांक और GST नंबर नहीं पाए गए। वहीं, कुछ भुगतान बिना वैध बिल के किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
EOW/ACB रायपुर में की गई शिकायत के बाद जिला पंचायत गरियाबंद ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। समिति ने 23 नवंबर को ग्राम पंचायत अतरमरा पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान शिकायतकर्ता खिलेश्वर गोस्वामी ने 62 पृष्ठों के संदिग्ध बिल-वाउचर एवं भुगतान संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए। जांच में चार वर्षों के दौरान कराए गए 39 निर्माण कार्यों से संबंधित 90 बिल-वाउचर मिले। इनमें अधिकांश बिलों में आवश्यक विवरणों का अभाव पाया गया।
बिलों में GST नंबर नहीं
शिकायत के अनुसार, सूचना के अधिकार के तहत जानकारी देते समय दो बिल उपलब्ध नहीं कराए गए थे। जांच में रोशनी इलेक्ट्रॉनिक के बिल क्रमांक 65 में 51 हजार रुपये तथा राजीव इंटरप्राइजेस के 8,700 रुपये के भुगतान संबंधी बिल में क्रमांक और GST नंबर नहीं पाया गया। इसके अलावा निर्माण सामग्री की आपूर्ति, वास्तविक खर्च से अधिक के बिल तैयार करने तथा अनाधिकृत फर्मों से गिट्टी, रेत और मुरुम की आपूर्ति दर्शाने जैसी अनियमितताओं के आरोप भी सामने आए हैं।
जांच समिति को ऑडिट के दौरान इन कथित अनियमितताओं की अनदेखी किए जाने की शिकायत भी मिली है। समिति ने दस्तावेजों और शिकायतकर्ता के कथन के आधार पर जांच पूरी कर प्रतिवेदन उच्च अधिकारियों को सौंपने की बात कही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही वित्तीय अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारों को लेकर तस्वीर स्पष्ट होगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
15वें वित्त की राशि के खर्च पर सवाल, EOW में शिकायत; तत्कालीन सचिव के कार्यकाल की जांच की मांग











