अभनपुर ब्रेकिंग: बोरी में बंद मिला युवक का शव, सिर में पत्थर मारकर हत्या की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव बोरी में बंद अवस्था में मिला। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि अज्ञात आरोपियों ने युवक की हत्या कर शव को बोरी में भरकर सुनसान स्थान पर फेंक दिया। मामला राखी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बेंद्री में एक युवक का शव मिला है। शव मिलने की सूचना पर राखी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को शव के पास से हत्या में इस्तेमाल होने की आशंका वाला एक बड़ा पत्थर भी मिला है, जिसे जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस का मानना है कि पत्थर से हमला कर युवक की हत्या की गई होगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाने के साथ मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। वहीं हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद ग्राम बेंद्री और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर-नवापारा मार्ग पर चाकू की नोक पर लूट, दो युवकों से नगद-मोबाइल लेकर भागे बाइक सवार, FIR दर्ज











