पति-पत्नी की निर्मम हत्या, सबूत मिटाने जलाया शव; घर पर मिला अधजला शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर पर पति-पत्नी का अधजले शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार के निशान भी मिलते हैं, जिससे हत्या के बाद सबूत मिटाने शव जलाने की आशंका है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मंगलूराम राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनई बाई राठिया ग्राम क्रोंधा में रहते थे। मंगलूराम एसईसीएल से लोडर ऑपरेटर के पद से सेवानिवृत्त थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने क्रोंधा गांव में करीब चार एकड़ जमीन खरीदकर घर बनाया था और पत्नी के साथ खेती-किसानी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह खेत और घर की देखरेख करने वाला कर्मचारी काम पर पहुंचा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला।
अंदर एक कमरे से धुआं निकल रहा था। अंदर पहुंचा तो कमरे में दोनों के अधजले शव पड़े थे। उसने तत्काल परिजनों, सरपंच और ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को जांच के लिए पहुंची। घटनास्थल की बारीकी से जांच में दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले, जिससे हत्या के बाद शव जलाए जाने की आशंका है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मकान को सील कर दिया गया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच के आधार पर हत्या के कारणों और आरोपियों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











