सड़क हादसा समझकर बंद होने वाला था मामला, जांच में खुला हत्या का राज; दोस्त ने ही रची थी साजिश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिस मौत को पुलिस और परिजन शुरुआत में सड़क हादसा समझ रहे थे, उसके पीछे खौफनाक साजिश छिपी थी। युवक की सड़क दुर्घटना में मौत नहीं हुई थी, बल्कि पहले उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या की गई और फिर शव को कार के नीचे डालकर पूरे मामले को एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस जांच में हत्या का राज खुलने के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका दूसरा साथी अब भी फरार है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, घटना 24 जून 2024 की है। अकलतरा थाना क्षेत्र के सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर वाहन क्रमांक CG 10 BP 9060 के नीचे एक युवक की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान बिलासपुर के सकरी निवासी अरविंद सिंह लोधी 26 वर्ष के रूप में हुई थी। शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ था। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच में खुला हत्या का राज
जांच के दौरान पुलिस को घटना को लेकर कुछ संदेहास्पद तथ्य मिले। पीएम रिपोर्ट में भी शरीर पर लात-घूंसों से चोट के निशान मिले, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। इसके बाद जब मामले की गहराई से पड़ताल और आरोपियों से पूछताछ की गई तो सामने आया कि अरविंद और आरोपियों के बीच ट्रक के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।
बताया गया कि घटना वाले दिन शराब पार्टी के दौरान अरविंद और आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर के बीच इसी विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। पुलिस के अनुसार, हेमंत ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद की लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। गंभीर चोटों के कारण अरविंद की मौत हो गई।
हत्या को दिया हादसे का रूप

हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने घटना को हादसे का रूप देने की साजिश रची। सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को कार के नीचे घसीटकर हाईवे पर फेंक दिया गया, ताकि पूरी घटना सड़क दुर्घटना नजर आए।
मामले की जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पूर्व में दर्ज धारा 106(1) बीएनएस को हटाकर धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस जोड़ी है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार CG 10 BP 9060 को भी जब्त कर लिया है।पुलिस ने आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











