शीतला मंदिर में विधायक रोहित साहू की चौपाल, सड़क-नाली से तालाब सौंदर्यीकरण तक विकास का खाका तैयार

विधायक ने कहा- नगर और विधानसभा के विकास के लिए समर्पण भाव से कर रहा हूं काम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) छुरा :– राजिम विधानसभा क्षेत्र के छुरा नगर में बुधवार को विधायक रोहित साहू ने शीतला मंदिर प्रांगण में चौपाल लगाकर नगरवासियों, पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया। विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों से चर्चा कर कई मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। चौपाल में नगर की मूलभूत सुविधाओं के साथ धार्मिक स्थल के विकास, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के लिए शिविर और शराब दुकान के स्थानांतरण जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे।

विधायक रोहित साहू ने कहा कि नगर और राजिम विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण भाव से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं पंच, सरपंच और जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं, इसलिए उन्हें जमीनी स्तर की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं का अनुभव है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुने और उनके निराकरण के लिए लगातार प्रयास करे। इसी उद्देश्य से वे विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में लगातार दौरा कर रहे हैं।

सड़क-नाली और तालाबों की बदलेगी तस्वीर?

चौपाल में नगरवासियों और पार्षदों ने कई वार्डों में नाली निर्माण, खराब सड़कों और नगर के तालाबों के सौंदर्यीकरण की जरूरत बताई। इस पर विधायक ने नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक विकास कार्यों का आकलन कर सड़क, नाली निर्माण और तालाब सौंदर्यीकरण के लिए स्टीमेट तैयार किया जाए। विधायक ने कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ आम लोगों को धरातल पर मिलना चाहिए।

शीतला मंदिर प्रांगण के विकास को लेकर विधायक ने अपने चुनाव पूर्व किए गए वादे का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में टिन शेड निर्माण की घोषणा की गई थी और इसके लिए स्वीकृति भी मिल गई थी, लेकिन स्थल निरीक्षण के दौरान उन्हें लगा कि स्वीकृत टिन शेड मंदिर परिसर की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त नहीं होगा। इसके बाद छोटे टिन शेड के बजाय भव्य डोम निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। विधायक ने कहा कि शीतला मंदिर छुरा का महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है, जहां धार्मिक और सामाजिक आयोजन होते हैं, इसलिए इसका बेहतर विकास आवश्यक है।

विधायक के इस निर्देश के बाद अब नगरवासियों की नजरें नगर पंचायत की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि प्रस्ताव और स्टीमेट तैयार होने के बाद इन कार्यों को स्वीकृति दिलाकर धरातल पर काम शुरू कराया जाएगा।

चौपाल में जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर भी नगरवासियों ने अपनी परेशानी बताई। लोगों ने कहा कि प्रमाण पत्र के लिए उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस पर नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों ने छुरा में विशेष शिविर आयोजित कर जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने की मांग रखी। विधायक ने इस मांग पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।

शराब दुकान का मुद्दा 

वहीं कोमाखान स्थित शराब दुकान के स्थानांतरण का मुद्दा भी चौपाल में उठाया गया। स्थानीय लोगों ने शराब दुकान के वर्तमान स्थान को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। विधायक रोहित साहू ने मौके पर ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विशाल महाराणा से चर्चा की और शराब दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने में आ रही प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल करने की बात कही।

चौपाल में नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद, मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष समीम खान, पार्षद पंचराम टंडन, हरीश यादव, सलीम मेमन, देवसिंह नेताम, संतानु देवांगन, बलराज पटेल एवं चित्ररेखा ध्रुव, एल्डरमेन तुलाराम साहू एवं धर्मेंद्र चंद्राकर, सफर सचदेव, जनपद सदस्य पंकज निर्मलकर, रिंकू सचदेव, थानसिंग निषाद, दिशांक चंद्राकर, मीना दुबे, राजू साहू, मानसिंग निषाद, सूजल कोठारी, रुपनाथ बंजारे और धम्मू सेठ सहित नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

टूटा पुल देखकर विधायक रोहित साहू ने मौके पर ही संभाला मोर्चा: मौके पर खड़े रहकर शुरू कराया वैकल्पिक रास्ते का काम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button