गरियाबंद ब्रेकिंग: पत्ते तोड़ने जंगल गया था ग्रामीण, अचानक सामने आया भालू और कर दिया हमला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में एक बार फिर भालू के हमले से ग्रामीण की जान खतरे में पड़ गई। जंगल में पत्ते तोड़ने गए 55 वर्षीय ग्रामीण पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण के पेट और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तत्काल गरियाबंद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। घटना के बाद जंगल जाने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नहरगांव निवासी गिरधारी विश्वकर्मा सरयापानी के जंगल में पत्ते तोड़ने गए थे। इसी दौरान कक्ष क्रमांक 582 के जंगल क्षेत्र में अचानक उनका सामना भालू से हो गया। ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में गिरधारी के पेट और जांघ में गंभीर चोटें आईं।
हमले के बाद घायल गिरधारी ने फोन कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही उन्हें उपचार के लिए गरियाबंद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल ग्रामीण को वन विभाग ने दी सहायता
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम जिला अस्पताल पहुंची और घायल ग्रामीण को सहायता राशि प्रदान की। फिलहाल गिरधारी विश्वकर्मा का अस्पताल में उपचार जारी है। ग्रामीणों को जंगल में प्रवेश करते समय सतर्क रहने तथा वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
ग्रामीण क्षेत्रों में जंगल से पत्ते और अन्य वनोपज एकत्र करना लोगों की आजीविका और दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में जंगल के भीतर वन्यजीवों के हमले की घटनाएं ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं। भालू के हमले की इस घटना ने एक बार फिर जंगल जाने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











