सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं को लेकर विवादित पोस्ट, शिक्षक गिरफ्तार; पुलिस को देखकर भागने की कोशिश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सोशल मीडिया पर हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। फेसबुक पर की गई पोस्ट को लेकर हिंदू संगठन ने आपत्ति जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची, जहां पुलिस टीम को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामला जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को चराईडांड़ निवासी करनैल सिंह जिलाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद ने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 15 अक्टूबर को उन्होंने फेसबुक पर हेमंत बेदी नाम के अकाउंट से एक पोस्ट देखी थी। आरोप है कि पोस्ट में हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों को लेकर आपत्तिजनक एवं विवादित टिप्पणियां की गई थीं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और लोगों में नाराजगी फैल गई। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के बाद जांच
शिकायत के आधार पर कुनकुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान हेमंत कुमार बेदी के रूप में हुई, जो कांसाबेल क्षेत्र के ग्राम बिहावत का निवासी है। हेमंत बगीचा ब्लॉक के कूदमुरा स्थित मिडिल स्कूल में पदस्थ है। पुलिस टीम भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देने के लिए आरोपी के गांव पहुंची थी।
पुलिस को देखकर भागने लगा, मोबाइल जब्त
पुलिस के अनुसार, टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार की। इसके बाद कथित विवादित पोस्ट करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया। पुलिस ने 17 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। किसी भी व्यक्ति द्वारा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने या समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किए जाने पर उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर की जाने वाली पोस्ट के संबंध में कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











