शादीशुदा प्रेमी का खौफनाक कदम: पहले प्रेमिका पर चाकू से हमला, फिर खुद का काटा गला, जानिए पूरा मामला
युवक की मौके पर मौत, युवती गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रेम प्रसंग में पागल बॉयफ्रेंड ने पहले अपनी गर्लफ्रेंड के गले पर चाकू से जानलेवा हमला किया और फिर उसी चाकू से खुद का गला काट लिया। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती जिंदगी और मौत से जूझ रही है। उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। मामला कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मृतक शुभम नायडू (28 वर्ष) बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र का निवासी था। वह शादीशुदा था और उसकी एक बच्ची भी है। वहीं, घायल युवती निशा उर्फ प्रतीक्षा (22 वर्ष) बिलासपुर के कश्यप कॉलोनी की रहने वाली है। दोनों मंगलवार शाम से अपने-अपने घर से लापता थे, जिसकी सूचना परिजनों ने बिलासपुर पुलिस को दी थी।
पहले युवती पर चाकू से हमला, फिर खुद का काटा गला
बताया गया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे दोनों बस से कोरबा पहुंचे थे। उरगा थाना क्षेत्र के सन्डैल नाला के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान शुभम नायडू ने अचानक चाकू निकालकर निशा के गले पर वार कर दिया। युवती गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद शुभम ने उसी चाकू से खुद का गला काट लिया।
युवती ने पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद खून से लथपथ हालत में पड़ी निशा ने साहस दिखाते हुए डायल 112 पर कॉल किया और अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर इशारों में पूरी घटना की जानकारी दी। उसने पुलिस को अपनी लोकेशन भी साझा की। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शुभम नायडू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, निशा की हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वे कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं। मौके से पुलिस ने युवक और युवती के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। साथ ही युवती के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। युवक पहले से शादीशुदा था और पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती के बयान के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
पेट्रोल पंप में प्रेमिका की चाकू गोदकर हत्या, इधर-उधर भागी लेकिन नहीं बचा पाई जान, LIVE VIDEO











