छात्र की बेरहमी से हत्या, पत्थर से कुचला चेहरा, जंगल में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 15 वर्षीय छात्र की अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से छात्र के चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया, जबकि उसके पैरों पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। जंगल में शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मामला सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सलका गांव का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सलका निवासी विरेंद्र कंवर पिता पिकेश्वर सिंह कंवर (15 वर्ष) सलका हाईस्कूल में पढ़ाई करता था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम वह खेलने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।

योग करने पहुंचे लोगों ने देखा शव

शुक्रवार सुबह टिहरी पर्वत पर योग करने पहुंचे लोगों की नजर जंगल में पड़े छात्र के शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल गांव के सरपंच को सूचना दी। सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

पत्थर से कुचला चेहरा, हत्या की आशंका

अंबिकापुर से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की गई और फिर उसके चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया गया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला हत्या का बताया है। मृतक के चेहरे और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र घटनास्थल तक किसके साथ पहुंचा था।

डेढ़ किलोमीटर दूर मिला शव

पुलिस के अनुसार, मृतक का घर घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास मिले साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। घटना के बाद सलका गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

अफेयर के शक में पत्नी ने करवाई छात्रा की हत्या! बोरे में भरकर घर के पीछे दफनाया शव, ऐसे खुला राज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button