भेण्ड्री में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित: अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही हुआ निराकरण, 14 गांवों के ग्रामीणों ने उठाया लाभ

सुशासन तिहार शिविर में 467 आवेदन हुए प्राप्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राज्य शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए फिंगेश्वर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला परिसर भेण्ड्री में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में आसपास के 14 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कुल 467 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया गया, जबकि शेष आवेदनों को समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।

इस दौरान राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन को धरातल पर उतार रही है। सुशासन तिहार के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुना जा रहा है और उनका निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रतिबद्धता के अनुरूप गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

करोड़ रूपये के विकास कार्य

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को पक्के आवास की स्वीकृति दी गई है, जिससे जरूरतमंद लोगों का अपने घर का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 02 सालों में 45 हजार करोड़ रूपये के विकास कार्य किए जा रहे है।
विधायक श्री साहू ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है और हर माह उनके खातों में सहायता राशि सीधे अंतरित की जा रही है। माताओं के खातों में 27 माह में 27 हजार रूपये पहुंचे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, सिंचाई और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किए जा रहे हैं।
राजिम क्षेत्र में भी अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। जिनका लाभ आम नागरिकों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए खाद एवं उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा चरणबद्ध तरीके से सभी किसानों तक आवश्यक उर्वरकों की आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।

सुशासन का नया अध्याय

जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि प्रदेश में सुशासन का नया अध्याय आरंभ हुआ है। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन आज अधिकारी स्वयं गांवों तक पहुंचकर समस्याएं सुन रहे हैं और उनका निराकरण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, किसान हितैषी योजनाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। श्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसरोकारों को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है।

हितग्राहियों को सामग्री वितरित 

इस दौरान कलेक्टर बीएस उइके, जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी साहू, जिला पंचायत सदस्य नंदिनी साहू, मधुबाला रात्रे, कोमल ढीढी, लेखराज धुर्वा, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। इस दौरान मत्स्य विभाग द्वारा 03 हितग्राहियों को जाल और 02 हितग्राहियों को आईस बॉक्स वितरित किया गया। इसी प्रकार कृषि विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को हरी खाद वितरित किया गया। 04 कुम्हार हितग्राहियों को चॉक वितरित किया गया।
इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हितग्राहियों का अन्नप्राशन एवं गोदभराई भी किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत होने वाले 02 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान दिव्यांग तारणी साहू के लिए 10 हजार रूपये राशि की स्वेच्छा अनुदान के रूप में घोषणा की।
इस दौरान विधायक रोहित साहू ने भेण्ड्री में मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत 10 लाख रूपये की लागत से बने नवनिर्मित टीना शेड निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसके अलावा पानी टंकी का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने बगनई नाला के काँक्रिटीकरण कार्य कराने की घोषणा की। साथ ही भेण्ड्री में सर्व समाज भवन के लिए 15 लाख रूपये देने की घोषणा की। शिविर में विधायक श्री साहू एवं कलेक्टर श्री उइके सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

ग्राम पंचायत के एनओसी पर आवास एवं अन्य निर्माण कार्य के लिए नागरिक निकाल सकेंगे रेत, कपसीडीह बनेगा स्वतंत्र राजस्व गांव

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button