नवापारा की छात्राओं ने किया ISRO-SAC का शैक्षणिक भ्रमण, AI और गगनयान मॉडल से हुईं रूबरू
छात्राओं को इसरो डायरेक्टर निलेश देसाई ने किया सम्मानित

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले के 12 पीएमश्री स्कूलों का चयन इसरो स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (SAC) अहमदाबाद के एक्सपोजर विजिट हेतु किया गया था। इसी क्रम में पीएमश्री हरिहर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, गोबरा नवापारा से व्याख्याता श्रीमती नीलम साहू तथा कक्षा 10वीं की टॉपर छात्राएं हिन्दी माध्यम से शारदा साहू एवं अंग्रेजी माध्यम से हंसिका साहू का चयन हुआ।
प्रस्थान के पूर्व संस्था की प्राचार्य फाखरा खानम दानी ने सभी को हरी झंडी दिखाकर शुभ यात्रा के लिए रवाना किया। अहमदाबाद प्रवास के दौरान शिक्षिका एवं छात्राओं ने साइंस सिटी, एनर्जी पार्क, रोबोटिक गैलरी, अक्षरधाम मंदिर तथा इसरो–SAC का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और गगनयान मिशन के मॉडल के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

ISRO–SAC के डायरेक्टर निलेश कुमार देसाई ने सभी प्रतिभागी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। छात्राओं ने इस अवसर को अपने जीवन का प्रेरणादायी अनुभव बताया और भविष्य में विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा व्यक्त की।
संस्था की प्राचार्य श्रीमती दानी ने इस पहल के लिए राज्य सरकार एवं समग्र शिक्षा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों एवं शिक्षकों को नई दिशा और मार्गदर्शन मिलता है। शाला परिवार एवं शाला प्रबंधन समिति ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हरिहर विद्यालय को बधाई प्रेषित की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8











