नकल का नया जुगाड़ हुआ फेल : चप्पल में मोबाइल छिपाकर परीक्षा देने पहुंचा छात्र, FIR दर्ज, ऐसे खुला राज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– परीक्षा के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक परीक्षार्थी चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से उसकी चालाकी पकड़ी गई और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामला दुर्ग-भिलाई का है।
जानकारी के अनुसार,पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज (ION Digital Zone) में गुरुवार को आयोजित जेईई मेन्स की पहली पाली की परीक्षा चल रही थी। आरोपी छात्र आदित्य कुमार सुबह करीब 8:25 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचा। मुख्य गेट पर जांच के दौरान उसने पहले ही अपनी चप्पलें उतार दीं, ताकि मेटल डिटेक्टर में मोबाइल पकड़ा न जाए। इसके बाद वह जाकर परीक्षा देने बैठ गया।
परीक्षा शुरू होने के बाद सुबह करीब 11:08 बजे उसने वासरूम जाने अनुमति ली और लगभग 20 मिनट बाद 11:28 को वापस लौटा। इस दौरान दोबारा जांच में भी उसने चप्पलें पहले ही उतार दीं, जिससे वह फिर से बचने में सफल हो गया। जांच के बाद जब वह चप्पल पहनकर लैब की ओर जा रहा था, तो उसकी चाल पर सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार को शक हुआ। छात्र चप्पल घसीटते हुए चल रहा था। संदेह होने पर गार्ड ने उसे रोककर चप्पल की बारीकी से जांच की।
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
छात्र ने चप्पल के तलवे को बीच से काटकर उसमें मोबाइल छिपाने की जगह बनाई थी। मोबाइल पूरी तरह अंदर छिपा हुआ था। इसकी सूचना सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत कॉलेज प्रशासन, वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर अजीत वर्मा और एनटीए अधिकारियों को दी।
अधिकारियों द्वारा पुलिस को कॉल करने और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश के बाद डायल 112 नंबर पर कॉल करके डायल 112 को बुलवाया गया। इसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और छात्र को हिरासत में लेकर भिलाई-3 थाने ले गई। कॉलेज प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 9-LCG के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
छत्तीसगढ़ में नकल और पेपर लीक पर सख्त कानून : 10 साल तक की सजा और 10 लाख का जुर्माना











