जिला बदर आरोपी को धमतरी पुलिस ने किया गिरफ्तार, आदेश का उल्लंघन कर जिले में घूम रहा था बदमाश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिला बदर के आदेश का उल्लंघन कर बिना अनुमति धमतरी जिले में प्रवेश करने वाले एक आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, लूट, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर आरोपी सागर धीमर उर्फ विक्की गिड्डी (23 वर्ष) निवासी नयापारा वार्ड, धमतरी, आमातालाब रोड क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी जिला प्रशासन से जिले में प्रवेश की कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने स्वयं स्वीकार किया कि वह बिना अनुमति के धमतरी जिले में आया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कई गंभीर अपराध है दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, लूट, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए जिला दंडाधिकारी द्वारा उसे जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद आदेश का उल्लंघन कर जिले में प्रवेश करने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।
इस मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 161/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 तथा छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 15 के तहत प्रकरण कायम किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वालों और कानून व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’; 7 जिला बदर, 653 पर कार्रवाई, पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ











