टोकन नहीं कटने से परेशान किसान ने काट लिया अपना गला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– टोकन नहीं कटने से परेशान एक किसान ने आत्महत्या की कोशिश की। किसान बीते दो दिनों से टोकन कटवाने के प्रयास में जुटा था, लेकिन बार–बार असफल होने के बाद उसने हताश होकर अपने गले पर ब्लेड से हमला कर लिया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसके बाद उसकी स्थिति को देखते हुए रायपुर रिफ़र किया गया। मामला महासमुंद जिले के बागबाहरा का है।
जानकारी के अनुसार बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम सोनभांठा निवासी 65 वर्षीय किसान मनबोध गांडा बीते कई दिनों से धान बेचने के लिए टोकन कटवाने की कोशिश कर रहा था। वह लगातार तीन दिनों से चॉइस सेंटर के चक्कर काट रहा था, लेकिन टोकन नहीं कट पा रहा था। जिससे वह परेशान हो गया था। उसे धान बेचने की चिंता सताई जा रही थी।
कल सुबह वह घर से गाय चराने के लिए निकला था और खेत पहुंचने के बाद हताश होकर उसने अपने गले पर ब्लेड चला कर आत्महत्या का प्रयास किया। तभी आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने घायल अवस्था में उसे देखा और तुरंत डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद उसे बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से महासमुंद मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत गंभीर होने की वजह से रायपुर रेफर किया गया है।
किसान के परिजनों ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से टोकन नहीं कट पाने के कारण बेहद परेशान और तनाव में चल रहा था, इसी मानसिक दबाव में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार को घेरते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रदेश के एक किसान ने आहत होकर अपना गला काट लिया है लेकिन सरकार की संवेदना इस क़दर मर चुकी है कि शोक के दो शब्द भी नहीं कह सके। यह चुप्पी आपराधिक है। पूरे प्रदेश में धान खरीदी अस्त व्यस्त है। किसान बिल्कुल इस व्यवस्था को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। धान खरीदी में बारदाने की कमी है, तौल में गड़बड़ी है, वजन कम आ रहा है। प्रदेश भर में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों में किसान अपना टोकन नहीं कटा पा रहे हैं। लिमिट भी कम कर दिया गया है।
महासमुंद के बागबाहरा के किसान मनबोध गाड़ा लगातार चॉइस सेंटर में टोकन कटाने के लिए जाते रहे. ऑफलाइन जाकर भी समिति के चक्कर लगाते रहे लेकिन उनका टोकन नहीं कटा और आहत होकर उन्होंने अपना गला काट लिया, जो बेहद पीड़ादायक है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS










