सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 1.68 करोड़ की ठगी, स्वास्थ्य विभाग की क्लर्क गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सरकारी नौकरी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ क्लर्क को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर करीब 16 लोगों से 1.68 करोड़ रुपए ठग लिए। मामला दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रिया देशमुख लोगों को सरकारी विभागों जैसे खाद्य, बिजली और एनटीपीसी में नौकरी दिलाने का झांसा देती थी। इसके लिए वह मास्टरमाइंड रजत गुप्ता से लोगों की मुलाकात करवाती थी। रजत गुप्ता फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर पीड़ितों को भरोसे में लेता था। इस पूरे खेल में पैसों का लेनदेन प्रिया के माध्यम से ही होता था।
10 लाख में ‘AE’ की नौकरी का झांसा
भिलाई सेक्टर-7 निवासी पायल साहू की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पायल ने बताया कि प्रिया ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में असिस्टेंट इंजीनियर या सब इंजीनियर पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में 20 लाख रुपए की मांग की गई, जिसमें से 10 लाख रुपए एडवांस के तौर पर लिए गए। बाद में रायपुर सर्किट हाउस में फर्जी जॉइनिंग लेटर भी थमा दिया गया, जो जांच में नकली निकला।
खुद भी ठगी का शिकार, फिर बनी गिरोह का हिस्सा
जांच में सामने आया है कि प्रिया देशमुख खुद भी पहले इस गिरोह का शिकार हुई थी। उसने फूड इंस्पेक्टर की नौकरी के लिए करीब 50 लाख रुपए दिए थे, जिसके लिए उसने अपना 50 तोला सोना तक गिरवी रख दिया था। बाद में वह रजत गुप्ता के साथ मिलकर इस फर्जीवाड़े का हिस्सा बन गई और अन्य लोगों को ठगने लगी।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं कई मामले
प्रिया और रजत के खिलाफ पहले बिलासपुर में मामला दर्ज हो चुका है। हाल ही में पद्मनाभपुर थाने में दूसरी एफआईआर दर्ज हुई थी, जबकि अब तीसरा केस भी दर्ज किया गया है। इससे पहले भी प्रिया ने अपने पति प्रशांत देशमुख के साथ मिलकर एक युवक से 10 लाख रुपए की ठगी की थी।
फर्जी नियुक्ति पत्र और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी जॉइनिंग लेटर की कॉपी, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच जारी है। मामले में फरार मुख्य आरोपी रजत गुप्ता की तलाश की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने और भी लोगों को सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी की होगी। फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











