पति-पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, शवों समेत घर में लगाई आग, दो सगे भाई गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है। दो सगे भाइयों ने मिलकर पति-पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इसके बाद हादसा साबित करने शवों सहित पूरे घर में आग लगा दी। हालांकि पुलिस ने इस ब्लाइंड डबल मर्डर का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई की सुबह ग्राम क्रोंधा निवासी मंगल राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55) के जले हुए शव उनके घर के भीतर मिले थे। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद हुई, जिसकी गंध सूंघकर पुलिस डॉग रूबी ने संदेही श्याम लाल राठिया तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने श्याम लाल और उसके भाई जीवन लाल राठिया से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
2013 के जमीन विवाद का लिया बदला
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने एक जमीन खरीदी थी, लेकिन बाद में उसी जमीन को मूल विक्रेता ने अधिक कीमत मिलने पर मंगल राठिया को बेच दिया। हालांकि आरोपियों को उनकी राशि वापस मिल गई थी, लेकिन मृतक द्वारा उसी जमीन पर मकान बनाकर खेती करने से दोनों भाइयों के मन में वर्षों से रंजिश बनी हुई थी।
हत्या के बाद आग लगाकर मिटाए सबूत
पुलिस के मुताबिक 14 जुलाई की रात दोनों आरोपी टांगी लेकर मंगल राठिया के घर पहुंचे। दरवाजा खुलते ही उन्होंने मंगल राठिया पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी पुनाई बाई की भी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शवों पर कपड़े, सोफा कवर और अन्य सामान डालकर आग लगा दी तथा घर के कमरों में भी आग लगा दी, ताकि पूरा मामला आगजनी की दुर्घटना प्रतीत हो।
पुलिस ने एफएसएल की रिपोर्ट, डॉग स्क्वॉड रूबी के संकेत, ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पति-पत्नी की निर्मम हत्या, सबूत मिटाने जलाया शव; घर पर मिला अधजला शव











