बेटियों के साथ मिलकर पति की हत्या, वारदात छिपाने सबूत मिटाए

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में एक महिला ने अपने दो बेटियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। मृतक और उसके बेटियों के बीच मोबाइल देखने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद तीनों ने मिलकर पिता की बेरहमी से हत्या कर दी और इसे हादसा बताकर छुपाने की कोशिश की। पुलिस ने पत्नी और दो बेटियों को गिरफ्तार किया गया है। मामला डीडी नगर क्षेत्र का है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुला हत्या का राज
जानकारी के अनुसार, न्यू चंगोराभाठा निवासी वीरेंद्र भारती गोस्वामी (50) की 27 सितंबर 2025 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआत में परिजनों ने हत्या की बात छुपाते हुए इसे बाथरूम में गिरने से हुई दुर्घटना बताया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 17 गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद मामला हत्या में बदल गया।
मोबाइल विवाद बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि घटना की रात करीब 11 बजे घर में मोबाइल देखने को लेकर विवाद हुआ। पिता द्वारा नाबालिग बेटी को मोबाइल इस्तेमाल से रोकने पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में पत्नी दीपा भारती (44), बड़ी बेटी तनिया (19) और नाबालिग बेटी ने मिलकर लकड़ी के बैट और ईंट से वीरेंद्र के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा दिखाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। घर में फैले खून को साफ किया गया और वारदात में इस्तेमाल लकड़ी व ईंट को पास के नाले में फेंक दिया गया। इसके बाद परिजनों और पुलिस को गुमराह करने के लिए बाथरूम में गिरने की कहानी बनाई। मृतक के सिर पर हल्दी भी लगाई गई, ताकि मामला सामान्य लगे।
अनुकंपा नौकरी भी हासिल
हैरानी की बात यह है कि आरोपी पत्नी ने घटना को हादसा बताकर मृतक के स्थान पर अनुकंपा नियुक्ति भी हासिल कर ली थी। मृतक वीरेंद्र विपणन संघ में चपरासी के पद पर कार्यरत थे। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर पत्नी और बेटियों से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें तीनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी दीपा भारती, तनिया भारती और नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है, जबकि मां-बेटी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1
यह खबर भी जरुर पढ़े
लव मैरिज के 6 महीने बाद पति की हत्या: पत्नी, तीन सालियां और जीजा गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला











