“एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य“ थीम पर मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के साथ गरियाबंद जिलेवासियों ने किया सामुहिक योगाभ्यास
मंत्री श्री वर्मा ने इन्डोर स्टेडियम परिसर में रक्त चंदन का पौधरोपण किया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री टंकराम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में आज गरियाबंद जिले में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। ‘‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य – योग संगम एवं हरित योग के थीम पर विश्व पटल पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन इन्डोर स्टेडियम में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, वरिष्ठ नागरिक अनिल चन्द्राकर, कलेक्टर बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने सवेरे 7 बजे से 8 बजे तक योग किया। सामूहिक योग में योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास कराया गया, जिसमें अतिथिगण, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसकी शुरुआत साधु-संतों ने सदियों पहले की थी। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से उन्होंने दीर्घायु और निरोग जीवन जिया। आज के समय में जब लोगों की दिनचर्या असंतुलित हो चुकी है, ऐसे में योग उन्हें पुनः संतुलन और स्वास्थ्य की ओर ले जा सकता है।
योग को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली है। आज विश्व के 190 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया गया, जो एक वैश्विक क्रांति के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है। विकसित भारत और उसके लिए नागरिकों का स्वस्थ और अनुशासित जीवन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल सड़क, बिजली, पानी जैसी सुविधाओं में सुधार ही पर्याप्त नहीं, बल्कि जब आम नागरिक का स्वास्थ्य बेहतर होगा, तभी विकसित भारत की संकल्पना साकार हो सकेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भी योग को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंत्री श्री वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शुभकामना संदेश का वाचन करते हुए समस्त नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की। साथ ही नियमित रूप से योग करने का शपथ भी दिलाया।
निरंतर प्रयास करेंगे
इस दौरान राजिम विधायक रोहित साहू ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और संदेश को साकार करने आज हम सभी योगाभ्यास के लिए एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि योग जीवन में अत्यंत आवश्यक है। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं, सभी वर्गों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। विधायक साहू ने कहा कि जब शरीर और मन दोनों स्वस्थ होते हैं, तब कार्यक्षमता और सोच भी बेहतर होती है। स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण योग के नियमित अभ्यास से ही संभव है। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र में योग को बढ़ावा देने और जन-जागरण लाने का निरंतर प्रयास करेंगे।
योग से मन को शांति मिलती है
योग कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक गणेश व सहयोगी योग शिक्षकों द्वारा योग कार्यक्रम में विभिन्न आसान सहित प्राणायाम के तहत् कपालभाति, अनुलोम विलोम सहित अन्य आसन कराए गये और इससे जीवन में होने वाले फायदों के बारे में भी बताया गया। जो लोग योग करते है, वें मानसिक व शारीरिक दोनों रूप से स्वस्थ रहते है। योग से मन को शांति मिलती है।
योग पश्चात मंत्री टंकराम वर्मा ने इन्डोर स्टेडियम परिसर में रक्त चंदन का पौधरोपण भी किया गया। साथ ही अन्य अतिथियों ने पौधे लगाये। इस अवसर पर उप निदेशक उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व वरूण जैन, जिला पंचायत सीईओ जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर प्रकाश राजपूत, एसडीएम ऋषा ठाकुर, एसडीओपी निशा सिन्हा, उप संचालक समाज कल्याण डी.पी. ठाकुर, सहित अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं स्कूली बच्चे शामिल हुए। इसी प्रकार नगरीय एवं ग्राम पंचायतों में भी योग दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में आमजनों सामुहिक योगाभ्यास किया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/EmIwdJKezHHKmsjiabrwtK