तीन दिवसीय मानसगान सम्मेलन का शानदार समापन: टोलियों की हुई मधुर प्रस्तुति, महिलाओं की भागीदारी रही खास

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम क्षेत्र के ग्राम पंचायत सहसपुर, शिवचौक में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय संगीतमय श्री रामचरित मानसगान सम्मेलन का शानदार समापन हुआ। यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता युवाओं की सक्रियता तथा महिलाओं का अभूतपूर्व योगदान रहा।

इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही की महिलाओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। सहसपुर की मातृशक्तियों ने इस आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया, उन्होंने महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि को स्वेच्छा से सम्मेलन के लिए दान कर भक्ति और समर्पण की मिसाल पेश की। मातृशक्तियों द्वारा उठाए गए इस कदम की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।

इस आयोजन में युवाओं की भूमिका भी बेहद अहम रही, गाँव की युवा टीम ने दिन-रात मेहनत कर कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभाली। इसके साथ ही उन्होंने मंच पर मानस गान और अन्य प्रस्तुतियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन कवि-गीतकार टीकम सेन ने अपने सधे हुए और प्रभावशाली अंदाज में किया, जिससे पूरा आयोजन एक सूत्र में बंधा रहा।

महिलायें हुई भाव-विभोर

तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में प्रदेश के कई टोलियों ने हिस्सा लिया और अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी। छोटी-छोटी बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं इस कार्यक्रम में नवापारा-राजिम की कवयित्री-लेखिका एवं दुर्गा शक्ति समिति की अध्यक्ष सरोज कंसारी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने “नारी तुम अलंकार हो… तुम पवित्र गंगा स्नान हो…” के माध्यम से नारी शक्ति की महिमा का बखान किया। उनकी इस कविता ने महिलाओं को भाव-विभोर कर दिया। 

तीन दिनों तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में आसपास के ग्रामीण और श्रोता शामिल हुए। अंतिम दिन विशाल भंडारे के साथ इस कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें सभी ने प्रसादी ग्रहण की।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1

यह खबर भी जरुर पढ़े

रहस्यमयी विष्णु मंदिर : पत्थरों में दर्ज इतिहास, जहाँ हर पत्थर कहती है एक कहानी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button