शादी के 5 महीने बाद नवविवाहिता ने की आत्महत्या, फांसी पर झूलता मिला शव, पुलिस ने कही ये बात

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शादी के महज पांच महीने बाद एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार मृतका कामेश्वरी साहू की शादी करीब पांच महीने पहले परसतराई निवासी युवक से हुई थी। बताया जा रहा है कि कामेश्वरी ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। नवविवाहिता को फंदे पर लटका देख परिवार वालों के होश उड़ गए।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। शादी के कुछ ही महीनों बाद नवविवाहिता की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने पहले कहा था कि पोस्टमार्टम अगले दिन यानी 10 मई को कराया जाएगा, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया। लेकिन बाद में बिना सूचना दिए पोस्टमार्टम करा लिया गया और शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। इससे परिजनों में नाराजगी और बढ़ गई है।
एसपी कार्यालय पहुंचे परिजन

सोमवार को परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं दूसरी ओर ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को निर्दाेष बताया है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











