तरबूज और चिकन खाने के बाद एक बच्चे की मौत, 3 का इलाज जारी, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तरबूज और चिकन खाने के कुछ घंटों बाद 4 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसमें 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम धुरकोट का है।

जानकारी के अनुसार पोड़ी दलहा निवासी अखिलेश धीवर (15), अवरीद निवासी श्री धीवर (4), खटोला निवासी पिंटू धीवर (12) और कोटगढ़ निवासी हितेश धीवर (13) अपने परिजनों के साथ ग्राम धुरकोट आए हुए थे। सोमवार दोपहर बच्चों ने घर में रखा तरबूज खाया था। बताया जा रहा है कि उन्होंने चिकन भी खाया था।

एक बच्चे की मौत, तीन का इलाज जारी

तरबूज खाने के कुछ घंटे बाद सबसे पहले अखिलेश की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसे लगातार उल्टी-दस्त और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं अन्य तीन बच्चों में भी इसी तरह के लक्षण दिखाई दिए, जिन्हें जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

कलेक्टर के दिए जांच के निर्देश

मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम और संबंधित एसडीएम को सक्रिय किया। मेडिकल टीम को गांव भेजकर परिवार के अन्य सदस्यों की स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है। साथ ही तहसीलदार को पूरे मामले पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सिविल सर्जन एस. कुजूर ने बताया कि सुबह का कटा हुआ तरबूज काफी देर बाद खाने की वजह से संक्रमण फैलने की आशंका है। प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं, वहीं मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कर विसरा सुरक्षित रखा गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

मछली खाने से फूड पॉइजनिंग: एक युवती की मौत, परिवार के चार सदस्य घायल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button