रायपुर की लुटेरी दुल्हन: 4 लोगों को प्रेमजाल में फंसाकर शादी की, फिर झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ऐंठे पैसे, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- एक लुटेरी दुल्हन की करतूत जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। दरअसल, लुटेरी दुल्हन खुद को कुंवारी बताती और प्यार के जाल में फंसाकर युवकों से शादी करती, फिर शादी के बाद झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर रुपए ऐंठती थी। युवती ने बिना तलाक लिए चार लोगों से शादी कर ली। हालांकि शक होने के बाद एक युवक ने कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने युवती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला रायपुर जिले के मुजगहन थाना क्षेत्र का है।

शादी के कुछ महीने बाद बढ़ने लगी दूरियां

जानकारी के मुताबिक बोरियाकला निवासी युवक की शादी मई 2023 में आरंग क्षेत्र निवासी पूजा देवांगन उर्फ ​​गीतांजलि से हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद ही पूजा ने युवक से दूरियां बढ़ा लीं। वह घर में झगड़ा करने लगी और अलग रहने की जिद करने लगी। परेशान होकर युवक रायपुर से अंबिकापुर शिफ्ट हो गया और एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगा। महिला वहां से अपने मायके जाने की जिद करने लगी। इसके बाद वह काफी दिनों तक अपने मायके में ही रही।

बैंक लॉकर में रखे जेवर निकाले और मां को दे दिए

पूजा के साथ शादी करने के बाद पीड़ित युवक ने परिवार के अन्य सदस्यों के सोने के जेवर बैंक के लॉकर में रख दिए थे। लुटेरी पूजा ने मौका देख बैंक के लॉकर में रखे जेवर निकालकर अपनी मां को दे दिये। इसके बाद पैसों की मांग करने लगी। पैसे नहीं देने पर झूठे केस में फंसा देने की धमकी देने लगी। बताया गया कि महिला ने युवक और उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें दहेज और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए थे। युवक ने मुजगहन थाने में शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते मामला वर्ष 2024 में कोर्ट में चला गया।

10 साल में 4 लड़कों से की शादी

इसी बीच युवक को अपनी पत्नी पर शक हुआ और उसने अपनी पत्नी के बारे में जानकारी जुटाई। इसी दौरान उसकी मुलाकात पुरुषोत्तम देवांगन से हुई। पुरुषोत्तम ने बताया कि उसने और पूजा ने 15 जनवरी 2016 को संजयनगर टिकरापारा के आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। उसने सबूत के तौर पर शादी का प्रमाण पत्र भी दिखाया। इसके बाद पता चला कि पूजा देवांगन ने वर्ष 2015 से 2023 के बीच 4 अलग-अलग लड़कों से शादी की है। उसने उमेश देवांगन, पुरुषोत्तम देवांगन और लोकनाथ देवांगन से भी शादी की है। उसने किसी से तलाक नहीं लिया।

जांच में जुटी पुलिस

करीब 8 महीने की सुनवाई के बाद कोर्ट ने पुलिस को महिला और उसकी मां के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। मुजगहन पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी महिला के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। मामले में अन्य पीड़ितों से भी बयान लिए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HEADRQ8Pq7N8imBgVZ1X8p

यह खबर भी जरुर पढ़े

लुटेरी दुल्हन: सुहागरात में सोता रहा दूल्हा, सोने-चांदी और कैश लेकर फरार हुई दुल्हन, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Back to top button