ग्रीन आर्मी टीम का पर्यावरण संरक्षण पर आयोजन: चित्रों और रंगोली में झलका प्रकृति प्रेम, इन बच्चों ने बनाया स्थान
मिट्टी के गुल्लक, पौधों से सम्मान और प्लास्टिक मुक्त आयोजन ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को ग्रीन आर्मी, नवापारा-राजिम द्वारा कला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया गया। नगर एवं आसपास के गांवों से आए लगभग 250 बच्चों ने चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता में भाग लेकर “स्वच्छ, सुंदर और हरित पर्यावरण” की थीम को अपनी रचनाओं में साकार किया। बच्चों की तूलिका और रंगों में प्रकृति के प्रति प्रेम तथा पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम की विशेष पहल “मिट्टी का गुल्लक” रही। ग्रीन आर्मी अध्यक्ष रेणुका तिवारी ने बच्चों से अपनी जेब खर्च की बचत गुल्लक में जमा करने और अगले विश्व पर्यावरण दिवस पर उसे लेकर आने का आह्वान किया। सर्वाधिक बचत करने वाले प्रतिभागी को विशेष सम्मान देने की घोषणा की गई। सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण हितैषी उपहार के रूप में मिट्टी के गुल्लक भेंट किए गए तथा विजेताओं को क्रमशः ₹501, ₹301 एवं ₹101 के नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में पीएमश्री प्राचार्य फाखरा खानम दानी, श्रीराम सोन एवं योगिता सिन्हा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को अधिक से अधिक पौधारोपण एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। मुख्य अतिथि प्राचार्य फाखरा खानम दानी ने कहा कि प्रकृति की रक्षा ही मानव जीवन की रक्षा है, उन्होंने बच्चों से पर्यावरण-मित्र बनकर आगे बढ़ने का आग्रह किया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में बुद्धेश्वर वर्मा, शिव तिवारी, केशरलता मिश्रा, वर्षा मिश्रा, संजय शर्मा, हर्षा कंसारी, सुरेन्द्र साहू एवं डॉ रमेश कुमार सोनसायटी भी मौजूद रहे।
आयोजन स्थल पर सिंगल-यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया था तथा ग्रीन आर्मी टीम ने स्वयं पत्तों के दोना-पत्तल तैयार कर अतिथियों, बच्चों एवं अभिभावकों को फल-सलाद एवं जूस का स्वल्पाहार कराया। वहीं अतिथियों का सम्मान भी पौधा भेंट कर किया गया।
इन्होंने बनाया स्थान

प्रतियोगिता के परिणामों में चित्रकला जूनियर वर्ग में मारुती साहू प्रथम, तनिशा कंवर द्वितीय एवं निश्चय सिंह यादव तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में हिमांशु चक्रधारी प्रथम, वैष्णवी साहू द्वितीय एवं नीतीश कुमार साहू तृतीय स्थान पर रहे। रंगोली प्रतियोगिता में मिठी साहू प्रथम, सोनाली सोनी द्वितीय तथा पूर्वी साहू तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, सचिव अंजू अग्रवाल, निर्णायक मंडल की सदस्य पूनम सांखला एवं पूजा शायरानी सहित ग्रीन आर्मी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन कवयित्री, लेखिका एवं अध्यापिका सरोज कंसारी ने किया। अंत में अध्यक्ष रेणुका तिवारी ने सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्रीन आर्मी की पूरी टीम अंजू अग्रवाल, गोपेश्वरी साहू, दुर्गेश सोनी, पिंकी देवांगन, रंजीता साहू, मीरा साहू, मंजू साहू, तिलिस्मा साहू, डिलन कावले, वंदना साहू,रेणुका साहू एवं देवकी साहू व सखी मंडल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











