15 हजार जमा, ऑपरेशन की तैयारी और फिर महिला की मौत… अस्पताल प्रबंधन पर पर उठे सवाल, परिजनों ने किया हंगामा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बच्चेदानी का ऑपरेशन कराने पहुंची महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि एनस्थीसिया दिए जाने के कुछ ही देर बाद हालत बिगड़ गई और महिला की मौत हो गई। मामला बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पोड़ी नवागांव निवासी कुमारी बाई साहू (50 वर्ष) पति ईश्वर साहू, लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्या से परेशान थीं। इलाज के लिए वह रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं। परिजनों के मुताबिक जांच के दौरान डॉक्टर ने महिला को बच्चेदानी में समस्या बताते हुए ऑपरेशन कराने की सलाह दी।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने अपने निजी अस्पताल मातृका नर्सिंग होम में ऑपरेशन कराने की बात कही, जिसके बाद महिला को वहां भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन के नाम पर करीब 15 हजार रुपये भी जमा करा लिए थे।

एनस्थीसिया के बाद बिगड़ी हालत

परिजनों के अनुसार ऑपरेशन की तैयारी पूरी होने के बाद महिला को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया और एनस्थीसिया दिया गया। आरोप है कि एनस्थीसिया दिए जाने के कुछ ही समय बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होते देख अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों का कहना है कि स्थिति संभालने के बजाय अस्पताल प्रबंधन ने महिला को तत्काल दूसरे अस्पताल रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी। आरोप है कि बिना समुचित चिकित्सकीय प्रक्रिया और आवश्यक रेफरल दस्तावेजों के महिला को निजी वाहन से सिम्स भेज दिया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांसें

बताया जा रहा है कि महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही और सिम्स पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतका के बेटे मुकेश साहू ने रतनपुर थाने में लिखित शिकायत देकर डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ऑपरेशन के दौरान बरती गई लापरवाही, एनस्थीसिया के बाद उचित निगरानी नहीं रखने और समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराने के कारण उसकी मां की मौत हुई है।

सीसीटीवी फुटेज जब्त करने की मांग

परिजनों ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि महिला की हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते उचित इलाज और बेहतर चिकित्सा प्रबंधन किया जाता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।

शिकायत के बाद रतनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल के रिकॉर्ड, चिकित्सकीय दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

सिजेरियन डिलीवरी के कुछ घंटे बाद प्रसूता की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप, अस्पताल प्रबंधन ने कही ये बात

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button