विधायक इन्द्र कुमार ने शिक्षक दिवस पर सरस्वती शिशु मंदिर के शिक्षकों का किया सम्मान, बोले – शिक्षक समाज के शिल्पकार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शिक्षक दिवस के अवसर पर अभनपुर क्षेत्र के विधायक इंद्रकुमार साहू ने अलका आशुतोष अग्रवाल भवन, अभनपुर में सरस्वती शिशु मंदिर नवापारा के शिक्षकों का सम्मान किया। विधायक ने विद्यालय के शिक्षकों को श्रीफल, शॉल एवं कलम भेंटकर उनके शिक्षा एवं संस्कार के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
5 सितंबर विधायक इंद्रकुमार साहू का जन्मदिवस भी है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से विधायक को पुष्पगुच्छ भेंटकर शुभकामनाएं दी गईं। वहीं विधायक द्वारा शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय के प्राचार्य गौरीशंकर निर्मलकर सहित वरिष्ठ शिक्षक नरेश यादव, सरोज कंसारी, कृष्णकुमार वर्मा, रेणु कुमार निर्मलकर, वाल्मिकी धीवर, लोमेश साहू, ममता साहू, हुलेश्वरी साहू, देवकी साहू, प्रतिभा यादव, प्रीति साहू, लवकुश पटेल एवं जानकी बांसवार को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक इंद्रकुमार साहू ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर संस्कार और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी संस्था है। यहां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया जाता है। विद्यालय में अध्ययन करने वाले विद्यार्थी शारीरिक, मानसिक, प्राणिक एवं बौद्धिक रूप से विकसित होकर देशभक्त, आज्ञाकारी और सेवाभावी नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।
शिक्षकों का सम्मान करना गौरव की बात

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें व्यावहारिक शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और जीवन की चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी प्रदान करना आवश्यक है। बच्चों को कर्मठ, सक्रिय और साहसी बनाने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
विधायक ने कहा कि शिक्षक का स्थान समाज में सदैव सम्माननीय रहा है। एक शिक्षक अपने ज्ञान, परिश्रम और संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का कार्य करता है। शिक्षण केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी है। आज शिक्षक दिवस के अवसर पर ऐसे त्यागी, समर्पित और मेहनती शिक्षकों का सम्मान करना गौरव की बात है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान को रेखांकित करते हुए शिक्षक दिवस की महत्ता पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यालय परिवार ने विधायक इंद्रकुमार साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान समाज में शिक्षा और संस्कार के महत्व को और मजबूत करता है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गुरु बने शिष्य, विद्यार्थियों ने संभाली स्कूल की कमान; सरस्वती शिशु मंदिर में मनाया गया शिक्षक दिवस











