पेड़ पर लटकी मिली नवविवाहिता की लाश, मायके पक्ष बोले-हत्या के बाद लटकाया; ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक 26 वर्षीय विवाहिता का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार सीमा यादव (26) की शादी वर्ष 2022 में देवगढ़ निवासी सतीश यादव से हुई थी। सीमा शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। ससुराल पक्ष ने इसकी सूचना मायके वालों को दी। सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक विशाल पेड़ पर सीमा का शव फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

शरीर पर मिले चोट के निशान

मायके पक्ष का कहना है कि सीमा के शरीर पर कई जगह मारपीट के गहरे निशान मिले हैं। जांघ, पीठ और कमर पर खून जमने से बने नीले निशान भी दिखाई दिए, जिससे परिजनों ने आशंका जताई कि पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया।

ससुराल वाले करते थे प्रताड़ित

मृतका के पिता पारस यादव ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सीमा को पति, देवर, सास और ससुर लगातार प्रताड़ित करते थे। परिवार का दावा है कि कम दहेज लाने को लेकर उसे ताने दिए जाते थे और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता था। मृतका की बुआ ने बताया कि सीमा अक्सर ससुराल में हो रही मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी देती थी। उसे रोज तड़के उठाकर घर और पशुओं का काम कराया जाता था।

दो बच्चों की मां थी सीमा

परिजनों के अनुसार, सीमा को उम्मीद थी कि बच्चों के जन्म के बाद परिवार का व्यवहार बदल जाएगा, लेकिन हालात पहले जैसे ही रहे। उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें बड़ी बेटी करीब तीन साल और छोटा बेटा सवा साल का है।

दोनों पक्षों में जमकर हुआ विवाद

घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और मारपीट की स्थिति बन गई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाते समय भी उदयपुर अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।

पुलिस बोली- हर एंगल से होगी जांच

उदयपुर पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

मौत का लाइव वीडियो! मोबाइल पर वीडियो चालू कर फंदे पर झूल गई नवविवाहिता, कैमरे में कैद हुई आखिरी सांस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button