नागा साधुओं सहित साधु-संतों ने निकाली शोभायात्रा, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और राजिम-अभनपुर विधायक हुए शामिल

पर्व स्नान करने उमड़ी नागा साधु-संतों की भीड़, अस्त्र-शस्त्रों से लैस नागा साधुओं ने किया शौर्य प्रदर्शन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम कुंभ कल्प मेला के अंतिम दिवस महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नागा बाबाओं, साधु-संतों, विभिन्न अखाड़ों ने शाही स्नान के लिए ऐतिहासिक शोभायात्रा संत समागम स्थल परिसर से सुबह 7 बजे निकाली।

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल हुए शामिल

इस शोभा यात्रा में समस्त नागा, साधु-संतों के साथ संस्कृति और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, राजिम विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, गरियाबंद कलेक्टर बीएस उइके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, राजिम एसडीएम विशाल महाराणा, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए। शोभायात्रा में सुसज्जित पालकियों शाही बग्गी, घोड़ों में विभिन्न साधु-संत सवार थे।

शोभायात्रा संत समागम स्थल से शुभारंभ होकर श्रीकुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के पीछे मार्ग से नेहरू बाल उद्यान होते हुए, इंदिरा मार्केट, राजिम पुल, पं. सुंदरलाल शर्मा चौक, गौरवपथ राजिम, वीआईपी मार्ग होते हुए मेला परिसर में बने शाही कुंड में पहुंचे। शोभायात्रा का स्वागत दोनों शहर नवापारा और राजिम में विभिन्न चौक चौराहों में फूल बरसा कर किया गया।

नागा साधुओं ने किया शौर्य प्रदर्शन

शोभायात्रा में विभिन्न चौक में अनेकों अस्त्र-शस्त्रों से लैस नागा बाबाओं, साधु-संतों ने शौर्य प्रदर्शन करते हुए अखाडा चलाते रहे। नागा साधुओं के तलवार और फरसा भांजते खुशी से नाचते देखकर मेले में आए अंचलवासी भी रोमांचित हो उठे। धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए शोभायात्रा शाही कुंड के पास पहुंची। यहां नागा साधुओं ने विधि विधान के साथ शस्त्र पूजन पश्चात कुंड में छलांग लगाई।

विदेशी सैलानी भी इन पलों को अपने कैमरे और मोबाइल में कैद करते नजर आए

नागा बाबाओं के साथ मंत्री राजेश अग्रवाल और विधायक रोहित साहू, इंद्र कुमार साहू भी कुंड में डुबकी लगाने के लिए उतर गए। इस दौरान पर्यटन मंत्री ने भगवान दत्तात्रेय की पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और सुख समृद्धि की कामना की। शाही स्नान करने विभिन्न अखाड़ों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। इस विहंगम दृष्य को देखने मेला क्षेत्र के अलावा कुंड के पास बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी हुई थी। शाही यात्रा की भव्यता का आनंद लेने विदेशी पर्यटक भी शामिल हुए।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की चाकचौबंध व्यवस्था थी। इस शाही यात्रा में श्री पंच दशनामी सन्याशी अखाड़ा के नागा साधु के अलावा विभिन्न अखाड़ों के साधु संत, भैरवी शक्ति, करीब पंथ, सतनाम पंथ के संतों एवं उनके अनुयायी भी शामिल रहे।

कुंभ की आस्था, संस्कृति और व्यवस्था देखकर हर कोई अभिभूत

पानी में साधना करती साध्वी

इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि “महाशिवरात्रि पर नागा साधुओं की शाही शोभायात्रा और शाही स्नान ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया है। शाही स्नान के लिए प्रदेश सहित देश के कोने-कोने से साधु-संत पहुंचे हुए हैं। राज्य सरकार राजिम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। यहां की आस्था, संस्कृति और व्यवस्था देखकर हर कोई अभिभूत है।”

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम कुंभ कल्प में नागा साधुओं की भव्य पेशवाई, भस्म रमाए संतों ने किया शस्त्र प्रदर्शन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button