नवापारा ब्रेकिंग: गुलाब गार्डन में चाकूबाजी, तीन युवकों पर हमला, अज्ञात आरोपी फरार
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गुलाब गार्डन में घूमने पहुंचे तीन युवकों पर एक अज्ञात बदमाश ने अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने पहले युवकों से उनका गांव पूछा और फिर विवाद करते हुए गाली-गलौच शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चाकू और डंडे से हमला कर तीनों युवकों को घायल कर दिया। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुर्रा निवासी अमित तारक अपने साथी मनीष बर्मन और नवीन बंदे के साथ 14 जून को गोबरा नवापारा स्थित गुलाब गार्डन घूमने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे उनका पता-ठिकाना पूछा। युवकों द्वारा ग्राम कुर्रा निवासी होने की जानकारी देने पर आरोपी भड़क गया और तुम लोग हीरो बनने आए हो कहते हुए अश्लील गालियां देने लगा।
बताया गया कि आरोपी ने अचानक अपने पास रखे चाकू से अमित तारक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी दाहिनी जांघ के पास चोट आई। वहीं मनीष बर्मन को डंडे से बाएं हाथ और पैर में वार कर घायल कर दिया गया। नवीन बंदे को भी थप्पड़ मारकर चोट पहुंचाई गई। घटना के दौरान गुलाब गार्डन में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।
थाने में FIR दर्ज
पीड़ित अमित तारक ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 296, 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच कर रही है। पुलिस की टीम आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











