महिला की बेरहमी से हत्या : प्राइवेट पार्ट में डाला डंडा, मौके पर दर्दनाक मौत, चार आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां जादू-टोना के शक में एक 48 वर्षीय महिला की बेहद निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने महिला के गुप्तांग में लकड़ी का डंडा डाल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र का है। 

जानकारी के अनुसार सहलू राम (30 वर्ष) निवासी गट्टी महुआ ने 6 मार्च 2026 को थाना सन्ना पहुंचकर सूचना दी कि उसकी बड़ी बहन गोईदी बाई (48 वर्ष), पति ठूपन राम, अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां मृतिका के शरीर और आसपास खून के निशान मिले। साथ ही मृतिका के गुप्तांग में गंभीर चोट के निशान पाए गए। संदेह के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया कि मृतिका की मौत कठोर व भोंथरे वस्तु से गुप्तांग में गंभीर चोट पहुंचने के कारण हुई है। इसके बाद थाना सन्ना में बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जादू-टोना का आरोप लगाकर कर दी हत्या

विवेचना के दौरान गवाहों के बयान और पूछताछ में घटना का खुलासा हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी फुला बाई, जो मृतिका की सौतन है, ने बताया कि 5 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे घर में किसी बात को लेकर उसका और गोईदी बाई का विवाद हुआ था, जो मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद फुला बाई और उसका पति ठूपन राम खेत की ओर चले गए, जहां सुनील राम (23 वर्ष) और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई (22 वर्ष) झोपड़ी में बैठे थे।

कुछ समय बाद गोईदी बाई भी बर्तन धोने के लिए कुएं की ओर जा रही थी, तभी आरोपियों ने उसे झोपड़ी में बुला लिया और सभी ने मिलकर हड़िया (एक तरह की शराब) पी। इसी दौरान सुनील राम ने आरोप लगाया कि उसके घर में बच्चा नहीं होने और उसके पिता को कैंसर होने के पीछे गोईदी बाई द्वारा जादू-टोना किया जाना कारण है। इसी शक में उसने मृतिका को बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया।

शव को घर लाकर बिस्तर पर रख दिया

इसके बाद ठूपन राम और फुला बाई ने मृतिका के हाथ-पैर पकड़ लिए। वहीं सुरन्ती बाई के कहने पर सुनील राम और सुरन्ती बाई ने मिलकर लकड़ी का डंडा मृतिका के गुप्तांग में डाल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को घर लाकर बिस्तर पर रख दिया और उस पर कंबल डाल दिया। ताकि घटना को छुपाया जा सके।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने आरोपी ठूपन राम (45 वर्ष), फुला बाई (48 वर्ष), सुनील राम (23 वर्ष) और सुरन्ती बाई (22 वर्ष) निवासी गट्टी महुआ, थाना सन्ना, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष सिंह, सहायक उप निरीक्षक सिरद साय, महिला प्रधान आरक्षक पुन्नी यादव और आरक्षक प्रवीण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद ब्रेकिंग: गुप्तांग में मिर्ची डालकर महिला की हत्या, इलाके में दहशत, दो महिला आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button