जेल के किचन में काम करने के दौरान हादसा, कैदी ने हंसिया से रेत दिया खुद का गला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– केंद्रीय जेल सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब किचन में काम कर रहे एक आजीवन कारावास के कैदी ने सब्जी काटने में इस्तेमाल हो रहे हंसिया से अचानक अपना गला रेत लिया। खून से लथपथ कैदी को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना बिलासपुर जिले के केंद्रीय जेल का है।
जानकारी के अनुसार कैदी की पहचान विकास कश्यप के रूप में हुई है। वह हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और पिछले दो वर्षों से जेल में बंद है। हाल ही में उसे जेल के किचन में भोजन बनाने का काम सौंपा गया था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे वह अन्य कैदियों के साथ सब्जी काट रहा था, तभी अचानक उसने हंसिया से अपना गला रेत लिया। घटना देखते ही अन्य कैदी घबरा गए और तुरंत जेल कर्मचारियों को सूचना दी।
जेल प्रशासन पर उठे सवाल
सूचना मिलते ही जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल कैदी को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कैदी की हालत नाजुक है और वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। इस घटना में एक गंभीर पहलू यह भी सामने आया है कि इतनी बड़ी वारदात के बावजूद जेल प्रशासन द्वारा पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, कैदी को अस्पताल भेजते समय मेमो के बजाय सामान्य प्रक्रिया से भर्ती कराए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जिससे पूरे मामले पर संदेह गहराता जा रहा है। जेल प्रशासन का कहना है कि कैदी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कैदी के बयान के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8











