प्रधानपाठक ने की युवक की हत्या, पत्नी से अवैध संबंध के शक में बेटे के साथ मिलकर गला घोंटा, पिता-पुत्र गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– पत्नी के प्रेमी को घर बुलाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। पत्नी और युवक के बीच चल रहे प्रेम संबंध से नाराज पति ने अपने नाबालिग पुत्र के साथ मिलकर युवक को घर बुलाया और फिर प्लास्टिक की सुतली तथा मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग पुत्र को हिरासत में ले लिया। मामला बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम राम्हेपुर निवासी जितेंद्र कुमार बघेल ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई दावेन्द्र कुमार बघेल 30 मई की सुबह मोटरसाइकिल से घर से निकला था। दोपहर में सूचना मिली कि सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी रीना कामले के घर में उसके पति शिव कुमार कामले और पुत्र द्वारा दावेन्द्र के साथ मारपीट की जा रही है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मकान के निचले हिस्से में ताला लगा हुआ था। पीछे की खिड़की से ऊपर कमरे में पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दावेन्द्र कुमार बघेल बेड के पास मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

हत्या की आशंका पर शुरू हुई जांच

घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर शिव कामले और उसके नाबालिग पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली।

दो साल पुराना प्रेम संबंध

पूछताछ में आरोपी शिव कामले ने बताया कि वह कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के एक मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत है। लगभग दो वर्ष पूर्व एक पारिवारिक विवाह समारोह में उसकी पत्नी रीना कामले की मुलाकात दावेन्द्र बघेल से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।

करीब एक माह पहले शिव कामले को इस संबंध की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसने पत्नी को दावेन्द्र से संपर्क नहीं रखने की चेतावनी दी थी, लेकिन संपर्क जारी रहने की आशंका से वह लगातार नाराज था।

मोबाइल सिम देने आया था युवक

पुलिस जांच में सामने आया कि 30 मई को दावेन्द्र बघेल रीना कामले को मोबाइल सिम देने सैदा स्थित घर पहुंचा था। उसे देखते ही शिव कामले ने अपने पुत्र के माध्यम से उसे घर के अंदर बुलाया। पहले समझाइश दी गई, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी पिता-पुत्र ने मिलकर प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल चार्जर के केबल से उसका गला घोंट दिया तथा दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी शिव कामले के खिलाफ अपराध धारा 103(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी और उसके नाबालिग पुत्र को अभिरक्षा में लेकर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

अर्धनग्न हालत में मिली महिला की लाश, हत्या की आशंका, फरार पति की तलाश में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button